पुतिन और चिनफिंग बने शेफ, साथ मिलकर बनाएं स्वादिष्ट पैनकेक
आर्थिक सम्मेलन के दौरान अपने व्यस्त शेड्यूल से शी चिनफिगं और पुतिन ने ब्रेक लिया और एक-दूसरे के साथ समय बिताया।
मॉस्को (एएनआइ)। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में हिस्सा लेने एक हजार बिजनेसमैन और अफसरों के दल के साथ रूस के व्लादिवोस्तोक पहुंचे हैं। आर्थिक सम्मेलन के दौरान अपने व्यस्त शेड्यूल से शी चिनफिगं और पुतिन ने ब्रेक लिया और एक-दूसरे के साथ समय बिताया। इस दौरान शी चिनफिंग और व्लादिमीर पुतिन एक दूसरे के साथ पैनकेक बनाते नजर आए।
व्लादिमीर पुतिन अपने समकक्ष शी चिनफिंग के साथ ‘फार ईस्ट स्ट्रीट’ मेले में पहुंचे। पुतिन ने चिनफिंग को कुकिंग चैलेंज दिया जिसे चीनी राष्ट्रपति ने तुरंत स्वीकार कर लिया। फिर क्या था, दोनों राष्ट्रपति ने शेफ की ड्रेस पहनी और पैनकेक बनाने में लग गए। इस दौरान दोनों ने जमकर मस्ती भी की। रूसी मीडिया ने दोनों की कई तस्वीरें जारी की है, जिनमें पुतिन और चिनफिंग को पैनकेक बनाते हुए देखा जा सकता है। दोनों नेताओं ने कुकिंग के बाद एक साथ बैठकर लंच भी किया। बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब चिनफिंग और पुतिन ने साथ में कुकिंग की है। इससे पहले जब पुतिन जून में चीन दौरे पर थे तब भी उन्होंने जिनपिंग के लिए पैनकेक बनाया था।
रूस-चीन के बीच दुनिया का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास
रूस ने पश्चिमी देशों को अपनी ताकत दिखाने के लिए चीन के साथ मंगलवार से अब तक का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास शुरू किया। यह शीतयुद्ध के बाद का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास बताया जा रहा है। पश्चिमी साइबेरिया क्षेत्र में शुरू हुए इस सैन्य अभ्यास में चीन और मंगोलिया की सेनाएं भी हिस्सा ले रही हैं। एक सप्ताह तक चलने वाले इस सैन्य अभ्यास को 'वोस्तोक-2018' नाम दिया गया है।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन देश के पश्चिमी शहर व्लादिवोस्तक में आर्थिक फोरम की मेजबानी करने के बाद इस सैन्य अभ्यास को देखने जा सकते हैं। इस आर्थिक फोरम के प्रमुख अतिथियों में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग भी शामिल हैं। इसमें करीब तीन लाख सैनिक, 36 हजार सैन्य वाहन, 80 जहाज, 1000 एयरक्राफ्ट, हेलिकॉप्टर और ड्रोन शामिल हैं।