Protest in Russia: गिरफ्तार किए गए गवर्नर सर्गेई फुर्गल के समर्थन में रूस में लोगों ने निकाला मार्च
Protest in Russia इस तरह के प्रदर्शन पुतिन को संविधान संशोधन में मिली एकतरफा जीत के तीन सप्ताह बाद सामने आ रहे हैं।
मास्को, रायटर। लोकप्रिय क्षेत्रीय गवर्नर को रिहा करने की मांग को लेकर शनिवार को रूस के सुदूर पूर्व शहर खाबरोवस्क में दस हजार लोगों ने मार्च निकाला। हत्या के संदेह में उन्हें पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया गया था। लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी से ताल्लुक रखने वाले सर्गेई फुर्गल खाबरोवस्क क्षेत्र के गवर्नर हैं। उन्होंने राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन की सत्तारूढ़ यूनाइटेड रशिया पार्टी द्वारा समर्थित प्रतिद्वंद्वी को हराकर वर्ष 2018 में यह पद हासिल किया था।
फुर्गल को पिछले सप्ताह मास्को ले जाया गया था। उन पर 15 साल पहले कई व्यवसाइयों की हत्या की योजना बनाने में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। अगर उन पर लगे आरोप सिद्ध हो जाते हैं तो उन्हें आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। हालांकि उन्होंने आरोपों से इन्कार किया है।
संविधान संशोधन में मिली जीत बाद हो रहे प्रदर्शन
इस तरह के प्रदर्शन पुतिन को संविधान संशोधन में मिली एकतरफा जीत के तीन सप्ताह बाद सामने आ रहे हैं। संविधान संशोधन को मिली मंजूरी के बाद पुतिन के 16 और सालों तक पद पर बने रहने का रास्ता साफ हो गया है। पिछले सप्ताह संविधान संशोधन के खिलाफ मास्को में हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया था। जिसके बाद पुलिस ने दर्जनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।
प्रदर्शनकारी पुतिन से त्यापत्र की कर रहे मांग
वहीं, इसके पहले रूस के सुदूर पूर्वी इलाके में पिछले शनिवार को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ करीब दस हजार लोगों ने प्रदर्शन का आयोजन किया। प्रदर्शनकारी पुतिन से त्यागपत्र की मांग कर रहे थे। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्रीय गवर्नर को रिहा करने की मांग की थी, जिन्हें पिछले सप्ताह हत्या के संदेह में गिरफ्तार किया गया था।
चीन की सीमा से लगे शहर खाबरोवस्क और कई अन्य शहरों में बड़े प्रदर्शनों का आयोजन किया गया। इन प्रदर्शनों में हाल के दिनों में रूस में होने वाले प्रदर्शनों से ज्यादा लोग शामिल हुए।