रूस के दौरे पर पहुंचे अजीत डोभाल, आतंक के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर में ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में हिस्सा लेने रूस के व्लादिवोस्तोक पहुंचेंगे।
मॉस्को, प्रेट्र। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल बुधवार को रूस के दौरे पर पहुंचे। यहां अपने रूसी समकक्ष निकोलई पेत्रुशेव से उन्होंने आतंक के खिलाफ आपसी सहयोग बढ़ाने, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की सुरक्षा जैसे मसलों पर चर्चा की।
डोभाल और पेत्रुशेव की बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी रूस दौरे की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मोदी सितंबर में ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में हिस्सा लेने रूस के व्लादिवोस्तोक पहुंचेंगे। आधिकारिक बयान के मुताबिक, डोभाल ने दोनों देशों की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार परिषदों के बीच गठजोड़ बढ़ाने व कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मसलों पर चर्चा की। दोनों देशों ने आतंक के खिलाफ सहयोग को गति देने पर जोर दिया है। परोक्ष रूप से जम्मू-कश्मीर मसले का जिक्र करते हुए बयान में कहा गया, 'दोनों देश संप्रभुता के सिद्धांत व क्षेत्रीय अखंडता को समर्थन देने और किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं करने की अपनी नीति को दोहराते हैं।'
डोभाल ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में और भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान अभियान में सहयोग के लिए रूस में अंतरिक्ष गतिविधियों की जिम्मेदारी संभाल रहे दिमित्री रोगोजिन से भी चर्चा की। रोगोजिन ने चंद्रयान-2 को लेकर भारत की तारीफ की और इस अभियान की सफलता की शुभकामना व्यक्त की।