रूस: एक दिन में कोरोना के 11 हजार से ज्यादा मामले दर्ज, 2 लाख के ऊपर पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा
यहां सिर्फ 24 घंटों में 11 हजार 6 सौ 65 लोगों में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं 94 मौतें दर्ज की गई हैं जिसके बाद देश में मौतों का आंकड़ा 2009 तक पहुंच गया है।
मॉस्को, रॉयटर्स। रूस में कोरोना संक्रमितों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। यहां एक दिन में कोरोना संक्रमण के हजारों मामले सामने आ रहे हैं। यहां सिर्फ 24 घंटों में 11 हजार 6 सौ 65 लोगों में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं 94 मौतें दर्ज की गई हैं जिसके बाद देश में मौतों का आंकड़ा 2,009 तक पहुंच गया है। इसके अलावा देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 2 लाख से भी ऊपर पहुंच चुका है।
इससे पहले शुक्रवार को सामने आए आंकड़ों में एक ही दिन में 10,699 मामले सामने आए थे। सेंटर द्वारा दी गई जानकारी में यह भी बताया गया था कि यह लगातार छठा दिन है जब कोरोना संक्रमितों के 10 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं इससे पहले गुरुवार के आंकड़ों में 11,231 मामलों की वृद्धि दर्ज की गई थी।
गौरतलब है कि दुनियाभर में कोरोना वायरस ने तबाही मचाई हुई है। इसने अब तक करीब 200 देशों को अपनी चपेट में ले लिया है। इस घातक वायरस के संक्रमण का शिकार विश्व की 41 लाख 16 हजार 7 सौ 67 आबादी हो चुकी है,वहीं 2 लाख 82 हजार 8 सौ 72 लोग इसकी वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं।
अमेरिका में कोरोना का प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिला रहा है। यहां संक्रमितों की संख्या 13 लाख से भी ज्यादा हो चुका है और मरने वालों की संख्या भी 79 हजार से अधिक हो गई है। कोरोना संकट के चलते देश की अर्थव्यवस्था पर भी काफी असर पड़ा है जिसे पटरी पर लाने के लिए ट्रंप प्रशासन कार्य कर रहा है।
अमेरिका के अलावा स्पेन, इटली, यूनाइटेड किंगडम, रूस, फ्रांस, जर्मनी, ब्राजील, तुर्की और ईरान में भी हालात अच्छे नहीं हैं। इन देशों में संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख पार कर चुका है। वहीं स्पेन, इटली, यनाइटेड किंगडम और फ्रांस में मरने वालों की संख्या 25 हजार से ज्यादा है।