Move to Jagran APP

परमाणु क्षेत्र में भारत के साथ रूस बढ़ाएगा सहयोग, कहा- इस गर्मी में मिल जाएगा अगली पीढ़ी का परमाणु ईंधन

भारत को इसी गर्मी में अगली पीढ़ी का परमाणु ईंधन मिल जाएगा। रूस के परमाणु ऊर्जा प्रमुख एलेक्सी लिखाचेव ने ये दावा किया है। उन्होंने भारत-रूस के मधुर द्विपक्षीय संबंधों का हवाला दिया है। लिखाचेव ने कहा कि परमाणु क्षेत्र में भारत हमारा प्रमुख साझेदार है। भारत के परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष अजीत कुमार मोहंती साइबेरिया के टोमस्क रीजन में थे।

By Agency Edited By: Manish Negi Fri, 24 May 2024 05:57 PM (IST)
परमाणु क्षेत्र में भारत के साथ रूस बढ़ाएगा सहयोग, कहा- इस गर्मी में मिल जाएगा अगली पीढ़ी का परमाणु ईंधन
रूस ने कहा कि भारत को इस गर्मी में अगली पीढ़ी का परमाणु ईंधन मिलेगा (फोटो एएनआई)

एएनआई, मास्को। रूस के परमाणु ऊर्जा प्रमुख एलेक्सी लिखाचेव ने कहा कि भारत को इस गर्मी में अगली पीढ़ी का परमाणु ईंधन मिल जाएगा। भारत-रूस के मधुर द्विपक्षीय संबंधों का हवाला देते हुए लिखाचेव ने कहा कि परमाणु क्षेत्र में भारत हमारा प्रमुख साझेदार है।

भारत हमारा प्रमुख साझेदार

रसिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, भारत के परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष अजीत कुमार मोहंती का रूसी स्टेट न्यूक्लियर कार्पोरेशन-रोसाटोम के प्रमुख एलेक्सी लिखाचेव ने साइबेरिया के टोमस्क रीजन में गुरुवार को गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान लिखाचेव ने मोहंती को चौथी पीढ़ी का सबसे सुरक्षित परमाणु रिएक्टर दिखाया।

परमाणु क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा

लिखाचेव ने दोनों देशों के बीच सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत परमाणु क्षेत्र में हमारा प्रमुख साझेदार है। इससे पहले गुरुवार को मोहंती और लिखाचेव ने टोमस्क रीजन के सेव‌र्स्क में एक बैठक में भाग लिया। रूस और भारत के परमाणु क्षेत्र के विशेषज्ञों ने सेव‌र्स्क स्थित पायलट डेमोंस्ट्रेशन एनर्जी कांप्लेक्स (पीडीईसी) स्थल का भी दौरा किया। इस दौरान दोनों पक्षों ने परमाणु क्षेत्र में रूस और भारत के बीच सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा की।

रूस के परमाणु प्रमुख लिखाचेव ने कहा कि शांतिपूर्ण उद्देश्य के लिए भारत के सहयोग से हम परमाणु ऊर्जा के उपयोग के विस्तार को लेकर गंभीरता से विचार करने को तैयार हैं। इसमें भारत में नई साइट पर रूस द्वारा डिजाइन उच्च क्षमता की परमाणु ऊर्जा यूनिट की स्थापना शामिल है। परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष मोहंती रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार के साथ रूस के टोमस्क के दौरे पर थे।