रूस में नौकरी का झांसा देकर आंध्र प्रदेश के युवक को सेना में भर्ती कराया, मां ने लगाई सरकार से गुहार
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम का एक युवक नौकरी की तलाश में रूस गया था, लेकिन कथित तौर पर धोखे से ...और पढ़ें

रूस में नौकरी का झांसा देकर आंध्र प्रदेश के युवक को सेना में भर्ती कराया
HighLights
युवक की मां ने केंद्र सरकार से लगाई मदद की गुहार
युवक की रूस-यूक्रेन सीमा के पास युद्ध क्षेत्र में भेजे जाने की आशंका
पीटीआई, विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम का एक युवक नौकरी की तलाश में रूस गया था, लेकिन कथित तौर पर धोखे से उसे रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया।
अब उसे रूस-यूक्रेन सीमा के पास युद्ध क्षेत्र में भेजे जाने की आशंका है। युवक की मां ने केंद्र और राज्य सरकार से बेटे की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है।
युवक की मां जे अप्पलकोंडा के अनुसार, उनका बेटा जे वामसी फल पैकिंग की नौकरी के लिए रूस गया था। वहां काम नहीं मिलने पर उसकी मुलाकात एक नेपाली नागरिक से हुई, जिसने यूक्रेन में बेहतर वेतन वाली नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
वामसी ने एक वीडियो संदेश में चार अन्य भारतीयों के साथ दावा किया कि उन्हें धोखे से रूसी सेना में भर्ती किया गया और अब अग्रिम मोर्चे पर भेजा जा रहा है। उनका आरोप है कि उनसे रूसी भाषा में लिखे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए, जिन्हें वे समझ नहीं सके।
मां ने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की अपील की है। वहीं, राज्य के आइटी मंत्री नारा लोकेश ने मामले पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को उनकी सुरक्षित वापसी के लिए तत्काल समन्वय करने का निर्देश दिया है।