रूस के विस्फोटक कारखाने में धमाकों से जरजिंस्क शहर दहल उठा, 79 घायल
कारखाने में तैयार होने वाले विस्फोटकों का इस्तेमाल सेना और नागरिक कार्यो दोनों में होता है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने शहर में आपातकाल घोषित कर दिया है।
मॉस्को, रायटर। मध्य रूस के जरजिंस्क शहर में स्थित विस्फोटकों के कारखाने में शनिवार को अचानक कई धमाके हुए। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने का पता चला है। रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने 79 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। इनमें 38 कारखाने के कर्मचारी और बाकी के स्थानीय लोग हैं।
दोपहर के समय हुए इन धमाकों से दो लाख तीस हजार की आबादी वाला यह शहर दहल उठा। आसपास की करीब दो सौ इमारतों के खिड़की-दरवाजों में लगे कांच टूट गए, कई इमारतों में दरारें भी आ गई हैं। रूस के सरकारी टेलीविजन टीवी रूसिया 24 पर भीषण नुकसान की कई तस्वीरें दिखाई गई हैं।
धुएं का गुबार विस्फोटक कारखाने के ऊपर छाया दिखाई दे रहा है। बताया गया है कि कारखाने में एक दिन पहले ही आग भी लगी थी। वहां पर लंबे समय से सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। पता चला है कि कारखाने में अप्रैल में भी एक विस्फोट हुआ था, लेकिन उसे गंभीरता से नहीं लिया गया।
कारखाने में तैयार होने वाले विस्फोटकों का इस्तेमाल सेना और नागरिक कार्यो, दोनों में होता है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने शहर में आपातकाल घोषित कर दिया है। जरजिंस्क शहर मॉस्को ने 400 किलोमीटर दूर है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप