विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पनौती साबित होगा पाकिस्तान? इस्लामाबाद में ईरान-अमेरिका वार्ता शुरू होने से पहले ही आया संकट

Published: Fri, 10 Apr 2026 03:26 PM (GMT+05:30)

ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में प्रस्तावित शांति वार्ता शुरू होने से पहले ही अनिश्चितता में घिर गई है। दो हफ्ते के युद्धविराम के बाद स्थायी शांति की उम्मीद जगी थी।

लेबनान हमलों से बिगड़ा माहौल ईरान-अमेरिका शांति वार्ता पर संकट (फाइल फोटो)

लेबनान हमलों से बिगड़ा माहौल ईरान-अमेरिका शांति वार्ता पर संकट (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में होने वाली अहम शांति वार्ता शुरू होने से पहले ही अनिश्चितता के घेरे में आ गई है। दो हफ्ते के युद्धविराम के बाद यह बातचीत पश्चिम एशिया में स्थायी शांति की उम्मीद जगा रही थी, लेकिन हालात तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं।

मंगलवार को युद्धविराम की घोषणा के बाद दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों की शनिवार को इस्लामाबाद में बैठक तय थी। पाकिस्तान सरकार ने इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। राजधानी के सेरेना होटल को खाली कराकर सरकारी नियंत्रण में ले लिया गया और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई।

सड़कों को सील किया गया, जगह-जगह चेकपोस्ट और बैरिकेड लगाए गए और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस वार्ता को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने की बात कही थी। लेकिन इसी बीच हालात अचानक बदल गए और अब यह साफ नहीं है कि वार्ता होगी भी या नहीं।

ईरान के बयान से बढ़ी उलझन

पहले पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रजा अमीर मोगद्दम ने कहा था कि 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंचेगा। उन्होंने यह भी बताया कि यह बातचीत ईरान के 10 सूत्रीय प्रस्ताव पर आधारित होगी।
हालांकि कुछ ही घंटों बाद उन्होंने अपना बयान हटा लिया, जिससे स्थिति और उलझ गई। इसके बाद ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने कहा कि वार्ता के लिए कोई प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद नहीं गया है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ईरान से बाहर नहीं गए हैं। इससे वार्ता को लेकर संशय और गहरा गया।

लेबनान पर हमले बने बड़ी बाधा

इस बीच इजरायल ने लेबनान पर हमले तेज कर दिए, जिसमें कुछ ही मिनटों में 100 हमले किए गए और 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। ईरान ने इसे युद्धविराम का उल्लंघन बताया। ईरान के नेताओं ने कहा कि ऐसे हालात में बातचीत करना ठीक नहीं है।

संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा कि जब तक लेबनान में संघर्ष जारी है, तब तक बातचीत का कोई मतलब नहीं है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने भी कहा कि ये हमले धोखे का संकेत हैं और इससे वार्ता “बेमानी” हो जाती है। उन्होंने साफ कहा कि ईरान अपने सहयोगियों का साथ नहीं छोड़ेगा।

अब भी उम्मीद में पाकिस्तान

हालांकि इन सबके बावजूद पाकिस्तान वार्ता को लेकर आशावादी बना हुआ है। विदेश मंत्री इशाक डार ने वार्ता में शामिल प्रतिनिधियों और पत्रकारों के लिए ‘वीजा ऑन अराइवल’ की घोषणा की है। इस्लामाबाद में हाई अलर्ट जारी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।

पाकिस्तान का मानना है कि बातचीत अब भी संभव है। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि अगर वार्ता होती भी है, तो कई मुद्दों पर सहमति बनना मुश्किल होगा।

कई मुद्दों पर गहरे मतभेद

ईरान और अमेरिका के बीच प्रस्तावों को लेकर भी भ्रम की स्थिति है। ईरान के 10 सूत्रीय प्रस्ताव और अमेरिका की अलग सोच के बीच बड़ा अंतर है। ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम और यूरेनियम संवर्धन पर समझौता करने को तैयार नहीं है, जबकि अमेरिका इसे लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है।

इसके अलावा होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण का मुद्दा भी बड़ा विवाद बना हुआ है। ईरान यहां नियंत्रण और जहाजों से शुल्क लेने की बात कर रहा है, जिसे अमेरिका स्वीकार करने के पक्ष में नहीं दिख रहा।

PAK के 'मुंहफट' मंत्री! सिर्फ इजरायल पर कैंसर वाली पोस्ट ही नहीं, लंबी है ख्वाजा आसिफ की गलतियों की लिस्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।