पाकिस्तान में शैक्षणिक संस्थान खतरे में, आतंकियों ने फिर जला दिए दो गर्ल्स स्कूल
पाकिस्तान में अक्सर शैक्षणिक संस्थान आतंकी हमलों के निशाने पर आते रहते हैं। कल दो गर्ल्स स्कूल को आतंकियों ने आग के हवाले कर दिया।
कराची (प्रेट्र)। पाकिस्तान में शैक्षणिक संस्थान लगातार आतंकियों के निशाने पर हैं। कल ही दो गर्ल्स स्कूलों को कुछ अज्ञात लोगों के द्वारा जला दिया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ तथाकथित आतंकी समूहों के द्वारा लड़कियों की शिक्षा के विरोध में पाकिस्तान में लगातार शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाया जा रहा है।
एक सप्ताह के भीतर पाकिस्तान में शैक्षणिक संस्थानों पर हमले की ये दूसरी घटना है। इसके पहले शुक्रवार को पाकिस्तान के उत्तर में स्थित गिलगित बाल्टिस्तान में कुछ अज्ञात आतंकियों ने 12 स्कूलों को हमले का निशाना बनाया था जिसमें आधे गर्ल्स स्कूल थे। कल बलूचिस्तान प्रांत के पिशिन जिले में रात के समय फिर से आतंकी हमला किया गया। हालांकि इस हमले में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
बता दें कि, पाकिस्तान के उत्तरी भाग में गर्ल्स स्कूलों को अक्सर आतंकी हमलों का निशाना बनाया जाता रहा है।दिसंबर 2011 में चिलास में आतंकी हमले में कम से कम दो गर्ल्स स्कूलों को आंशिक तौर पर नुक्सान पहुंचाया गया था। 2004 में भी चिलास में ही स्कूलों पर एक के बाद एक कई हमले किए गए थे।
इसी साल फरवरी में भी निशाने पर आए नौ स्कूलों में से आठ गर्ल्स स्कूल थे। आतंकियों ने खैबर पख्तूनख्वाह और फाटा के शैक्षणिक संस्थानों को भी आग के हवाले कर दिया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 10 सालों में इन ट्राइबल इलाकों में करीब 1,500 स्कूलों को आतंकी हमलों में नष्ट कर दिया गया। 2012 में स्वात घाटी में शांति पुरस्कार विजेता और शैक्षणिक कार्यकर्ता मलाला युसूफजई को गर्ल्स एजुकेशन की वकालत करने के लिए गोली का शिकार बनाया गया था।