पाकिस्तान में मानव तस्करी के आरोप में दो चीनी गिरफ्तार, लड़कियों को ले जाना चाहते थे चीन
पाकिस्तान के अधिकारियों ने मानव तस्करी के आरोप में दो चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। वे पाकिस्तानी लड़कियों से शादी कर उन्हें चीन ले जाना चाहते थे।
लाहौर, प्रेट्र। पाकिस्तान के अधिकारियों ने मानव तस्करी के आरोप में दो चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। वे पाकिस्तानी लड़कियों से शादी कर उन्हें चीन ले जाना चाहते थे। हाल में संघीय जांच एजेंसी (एफआइए) को सूचना मिली थी कुछ चीनी नागरिक मानव अंग व्यापार और वेश्यावृत्ति के लिए पहले पाकिस्तानी लड़कियों से शादी करते हैं फिर उन्हें अपने देश ले जाते हैं। इसके बाद से ही एफआइए मानव तस्करी में शामिल चीनियों की तलाश कर रही थी।
उप निदेशक जमील अहमद मायो के नेतृत्व में गुरुवार को एफआइए की टीम ने पंजाब प्रांत के फैसलाबाद स्थित एक होटल में छापा मारा। वहां ये दोनों चीनी पाकिस्तानी लड़कियों से शादी रचाते पकड़े गए। उनके साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। लड़कियों और उनके परिजनों कों बयान दर्ज करने के बाद छोड़ दिया गया। पंजाब प्रांत में एफआइए के निदेशक तारिक रुस्तम में कहा, 'पूछताछ के दौरान दोनों ने जुर्म कबूल लिया है। अभी यह पता नहीं चल सका है कितनी लड़कियों की अब तक तस्करी की जा चुकी है।'
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप