पाकिस्तान के पंजाब में बारातियों से भरा थ्री-व्हीलर बेकाबू होकर नहर में गिरा, 15 की मौत
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बारातियों को ले जा रहा एक तिपहिया वाहन नहर में गिर गया, जिससे 15 लोगों की मौत हो गई।

नहर में डूबने से 15 लोगों की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
पंजाब में बारातियों से भरा तिपहिया नहर में गिरा।
हादसे में 15 लोगों की मौत, 8 बचाए गए।
मुजफ्फरगढ़ जिले के कोट अड्डू में हुई यह घटना।
डिजिटल डेस्क, लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बारातियों को ले जा रहे तिपहिया के नहर में गिर जाने से 15 लोगों की मौत हो गई। इसपर 26 लोग सवार थे।
यह दुर्घटना मंगलवार को लाहौर से 350 किलोमीटर दूर पंजाब के मुजफ्फरगढ़ जिले के कोट अड्डू में हुई। बाराती तीन तिपहिये पर सवार थे। उनमें से एक बेकाबू होकर नहर में गिर गया।
तीन लोग नहर से तैरकर बाहर निकले और दुर्घटना की सूचना आपात नंबर पर दी, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू हुआ। स्थानीय लोगों और बचाव कर्मियों ने आठ लोगों को बचाया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
नहर में डूबने से 15 लोगों की मौत
पुलिस ने बताया कि मंगलवार तक नहर से 12 शव बरामद किए गए थे। बुधवार को तीन और शव बरामद किए गए, जिससे मरने वालों की संख्या 15 हो गई है। शव घटना स्थल से पांच से 20 किलोमीटर दूर मिले।
नहर 12-15 फीट गहरी और 100-120 फीट चौड़ी है। इसमें पानी का बहाव 2,500 से 4,000 क्यूसेक के बीच है। पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में मौत', पाकिस्तानी पत्रकार के दावे से मचा हड़कंप