पाकिस्तान में बर्फबारी व बारिश से 84 की मौत, 24 घंटे में हिमस्खलन से 15 गांव प्रभावित
गुलाम कश्मीर में हिमस्खलन से 57 लोगों की मौत कई लापता।
इस्लामाबाद, एजेंसियां। पाकिस्तान में भारी बर्फबारी और तेज बारिश के कारण 84 लोगों की मौत हुई है। रेडियो पाकिस्तान की खबर के अनुसार, गुलाम कश्मीर स्थित नीलम घाटी में पिछले 24 घंटे में आए हिमस्खलन से 15 गांव प्रभावित हुए। इस आपदा में 45 घर पूरी तरह तबाह हो गए। कम-से-कम 57 लोगों की मौत हो गई और कई लापता हैं। बचाव दलों ने 42 घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया है। मीडिया रिपोर्टो में कहा गया है कि हिमस्खलन व भूस्खलन के चलते बलूचिस्तान में 14 और पंजाब में कम से कम सात लोगों की जान जा चुकी है। खराब मौसम में हुई सड़क दुर्घटनाओं में दर्जनों लोग घायल भी हुए हैं।
पाकिस्तान के राहत, आपदा एवं लोक रक्षा सचिव सैयद मोहिउद्दीन कादरी ने बताया कि भीषण हिमपात के कारण ऊंचाई वाले इलाकों का पूरे देश से संपर्क टूट गया है। लगातार वर्षा के कारण सियालकोट, गुजरात और पंजाब के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। प्राकृतिक आपदा के कारण पाकिस्तान को पड़ोसी मुल्कों से जोड़ने वाली सड़कें भी बंद पड़ी हैं।
बता दें कि गुलाम कश्मीर में हुई बर्फबारी ने पिछले 50 वर्षो का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारी बर्फबारी और लगातार बारिश की मार सबसे ज्यादा पाकिस्तान के सबसे बड़े प्रांत बलूचिस्तान पड़ी है।