विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हिंदू पाकिस्तान के राष्ट्रीय ताने-बाने का अमूल्य हिस्सा'; शाहबाज शरीफ ने दी दीवाली की बधाई

Published: Sun, 08 Nov 2026 04:55 PM (IST)

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दीवाली पर पाकिस्तानी हिंदुओं को शुभकामनाएं दीं और उन्हें देश का अभिन्न अंग बताया।

शहबाज शरीफ ने दीवाली पर पाकिस्तानी हिंदुओं को दी बधाई

शहबाज शरीफ ने दीवाली पर पाकिस्तानी हिंदुओं को दी बधाई

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। दीवाली पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पाकिस्तानी हिंदुओं को शुभकामनाएं दी। शहबाज शरीफ ने इस अवसर पर विभिन्न धर्मों के बीच आपसी सद्भाव, शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और सहनशीलता का आह्वान किया है।

पाकिस्तान का अभिन्न अंग हिंदू

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए संदेश में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान और दुनिया भर के हिंदू समुदाय को दीवाली की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने दीवाली को नफरत और निराशा के अंधेरे पर प्रकाश की जीत का उत्सव करार दिया।

शरीफ ने अपने संदेश में कहा कि पाकिस्तान का हिंदू समुदाय देश के सामाजिक ताने-बाने का एक बेहद महत्वपूर्ण और अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने राष्ट्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में हिंदू समुदाय के अमूल्य योगदान की सराहना की।

शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान को अपनी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता पर गर्व है, क्योंकि विभिन्न संस्कृतियां हमारी बहुमूल्य सामाजिक संपत्ति हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दोहराया कि सरकार सभी नागरिकों के अधिकारों और उनकी धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, चाहे उनकी आस्था या जातीयता कुछ भी हो।

आसिफा भुट्टो जरदारी ने भी दी शुभकामनाएं

पाकिस्तान की फर्स्ट लेडी आसिफा भुट्टो जरदारी ने भी दिवाली के मौके पर देशवासियों को बधाई दी। राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा एक्स पर जारी संदेश में जरदारी ने कहा कि सिंध की बेटी होने के नाते यह त्योहार उनके दिल में एक खास जगह रखता है।

उन्होंने कहा कि सिंध की संस्कृति में प्रेम, मेहमाननवाजी और हर धर्म के प्रति सम्मान की गहरी परंपरा रही है। पीढ़ियों से हिंदू भाइयों-बहनों ने यहाँ की साझा संस्कृति को समृद्ध किया है। उन्होंने अपनी मां और पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो का स्मरण करते हुए कहा कि वे एक ऐसे पाकिस्तान के सपने में विश्वास रखती थीं, जो यहां बसने वाले सभी नागरिकों का समान रूप से हो।

आसिफ़ा भुट्टो जरदारी ने लोगों से यह भी अपील की कि वे इस रोशनी के पर्व पर मुश्किलों का सामना कर रहे जरूरतमंदों के साथ अपनी खुशियां साझा करें और आपसी भाईचारे की मिसाल कायम करें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।