PoK में प्रदर्शनकारियों पर पाक सेना ने बरसाईं गोलियां, 3 की मौत; 18 घायल
पाकिस्तान अधिकृत जम्मू कश्मीर के रावलकोट में पाकिस्तानी सेना ने नागरिक आबादी पर हमला किया, जिसमें 3 लोगों की मौत और 18 घायल हुए।

रावलकोट में पाकिस्तानी सेना ने नागरिक आबादी पर भीषण हमला किया। (सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान अधिकृत जम्मू कश्मीर के रावलकोट में बुधवार सुबह पाकिस्तानी सेना ने नागरिक आबादी पर भीषण हमला बोल दिया।
उमर फारूक चौक के आसपास ड्रोन हमले और गोलीबारी के कारण तीन लोगों की मौत हो गई जबकि अठारह अन्य घायल हुए। स्थानीय सूत्रों के अनुसार फायरिंग सुबह पांच बजे शुरू हुई और कई घंटों तक जारी रही।
कई शहरों में गिराए ड्रोन
शहर के कई इलाकों में घरों पर गोले गिरने से आग लग गई। वीडियो फुटेज में जलते मकान और बिखरे शार्पनेल साफ दिख रहे हैं। निवासी बता रहे हैं कि सेना ने जानबूझकर निहत्थे प्रदर्शनकारियों और आम परिवारों को निशाना बनाया।
कुछ परिवारों ने कहा कि यह हमला उनके खिलाफ मौत का फरमान जारी करने जैसा है। बच्चों सहित नागरिकों पर गोली चलाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
यह पहली घटना नहीं है। जून 2026 में शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद से कब्जे वाले क्षेत्र में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा एक सौ तिरपन से अधिक लोगों की जान ली जा चुकी है।
मोबाइल सर्विस और इंटरनेट बंद
रावलकोट सबसे ज्यादा प्रभवित हुआ है। सरकारी मोबाइल सेवा और इंटरनेट बंद कर दिए गए हैं, जिससे भय का माहौल है। फिर भी स्थानीय लोग सड़कों पर उतरकर विरोध जता रहे हैं।
प्रदर्शनकारी केवल सस्ती बिजली और आटे की मांग तक सीमित नहीं हैं। वे विधानसभा में पर्याप्त प्रतिनिधित्व, स्थानीय संसाधनों पर नियंत्रण और प्रशासनिक स्वायत्तता की भी मांग कर रहे हैं।
उनका कहना है कि असीम मुनीर के नेतृत्व वाली सेना के दमन के बावजूद वे पीछे नहीं हटेंगे। यह आंदोलन पाकिस्तान के साथ स्थानीय आबादी के रिश्तों पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।