हूती हमलों के बीच सऊदी अरब में सेना भेजने को मजबूर हुआ पाकिस्तान, महीनों की किरकिरी के बाद खुली नींद
यमन के हूती हमलों पर महीनों की चुप्पी से हुई किरकिरी के बाद आखिरकार पाकिस्तान की नींद खुली है। मक्का रक्षा समझौते के दबाव में वह सऊदी अरब में सेना भेजने को मजबूर हुआ है।

पाकिस्तान, तुर्किए और सऊदी अरब के बीच हुए समझौते की तस्वीर (File Photo)
HighLights
पाकिस्तान ने सऊदी अरब में अपनी सेना तैनात करने का एलान किया।
यह फैसला हूती विद्रोहियों के हमलों के मद्देनजर लिया गया है।
'मक्का संयुक्त रक्षा समझौते' के तहत सैन्य मदद भेजी जा रही है।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। यमन के हूती विद्रोहियों के लगातार हो रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच पाकिस्तान ने आखिरकार सऊदी अरब के साथ किए अपने रक्षा समझौते को निभाने की तरफ कदम बढ़ा दिया है। महीनों तक चली अटकलों और सवालों के बाद अब पाकिस्तान ने सऊदी अरब में अपनी सेना तैनात करने का आधिकारिक एलान किया है।
बता दें कि यह फैसला इस्लामाबाद में हुई एक अहम बैठक के ठीक एक दिन बाद सामने आया है। शुक्रवार को पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किए के वरिष्ठ अधिकारियों की रणनीतिक राजनीतिक और रक्षा समिति (SPDC) की तीसरी बैठक हुई थी।
बैठक में हूती हमलों की कड़ी निंदा की गई
मिली जानकारी के अनुसार इस बैठक में तीनों देशों ने क्षेत्र की सुरक्षा पर चर्चा की और सऊदी अरब पर हो रहे हूती हमलों की कड़ी निंदा की। इसके बाद शनिवार को पाकिस्तान में सैनिकों की रवानगी के लिए एक खास समारोह आयोजित किया गया, जिसकी जानकारी रविवार को पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग (ISPR) ने दी।
पाकिस्तानी सेना ने तैयारी भी समझिए
मामले में पाकिस्तानी सेना ने अपने बयान में कहा है कि यह तैनाती दोनों देशों के बीच गहरे भाईचारे और पुराने रणनीतिक रिश्तों को दर्शाती है। सेना ने साफ किया है कि वह सऊदी अरब की संप्रभुता, सुरक्षा और खास तौर पर मक्का और मदीना जैसे पवित्र स्थलों की हिफाजत के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
क्या है 'मक्का रक्षा समझौता' और क्यों उठ रहे थे सवाल?
गौरतलब है कि इसी साल 7 अगस्त को सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, तुर्किए के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 'मक्का संयुक्त रक्षा समझौते' पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते की सबसे बड़ी शर्त यह है कि अगर इन तीनों में से किसी भी एक देश पर कोई बाहरी हमला होता है, तो उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा और सभी मिलकर उसका जवाब देंगे।
पाकिस्तान पर था दबाव
समझने वाली बात यह है कि समझौते के बावजूद जब हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर हमले तेज किए, तो पाकिस्तान की चुप्पी पर सवाल उठने लगे थे। इससे पहले 5 अक्टूबर को रियाद में हुई एक आपातकालीन बैठक में भी इस समझौते को जमीन पर उतारने और सैन्य मदद भेजने पर सहमति बनी थी, जिस पर अब जाकर अमल शुरू हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।