पाकिस्तान में भगत सिंह मुकदमे से जुड़े दस्तावेज की प्रदर्शनी लगेगी
प्रदर्शनी का आयोजन लाहौर के अनारकली मजार किया जाएगा। इसमें पंजाब प्रांत का अभिलेख विभाग है।
लाहौर (पीटीआई)। पाकिस्तान सरकार भारतीय स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह और अन्य से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेजों को सोमवार को प्रदर्शित करेगी। ऐसा पहली बार हो रहा है। पंजाब प्रांत के मुख्य सचिव जाहिद सईद की अध्यक्षता में हुई शीर्ष अधिकारियों की बैठक में यह फैसला किया गया।
बैठक में क्रांतिकारी भगत सिंह को भारत और पाकिस्तान दोनों का हीरो घोषित किया गया। प्रदर्शनी का आयोजन लाहौर के अनारकली मजार किया जाएगा। इसमें पंजाब प्रांत का अभिलेख विभाग है। एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान के लोगों को भगत सिंह और उनके साथियों के बारे में जानने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि मुकदमे से जुड़े दस्तावेजों में भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को दोषी करार देने वाला कोर्ट का आदेश और ब्लैक वारंट शामिल है।
इसके अलावा भगत सिंह द्वारा जेल से पिता को लिखी गई चिट्ठी और खुद एवं साथियों को ए क्लास देने की मांग के लिए लिखे गए आवेदन को भी प्रदर्शित किया जाएगा। आवेदन पर भगत सिंह के हस्ताक्षर हैं। भगत सिंह द्वारा इस्तेमाल की गईं किताबों और अखबारों को भी प्रदर्शनी में रखा जाएगा।