पाकिस्तान में चीनी कंपनी के प्रोजेक्ट पर लापरवाही पड़ी भारी, तरबेला बांध का सुरक्षा बंड ढहा
पाकिस्तान के तरबेला डैम के 5वें एक्सटेंशन प्रोजेक्ट में टनल-5 के पास एक सुरक्षात्मक बंड ढह गया, जिससे पानी का सैलाब उमड़ा और आपातकाल घोषित हुआ।

चीनी कंपनियों से जुड़ी पाकिस्तान की बांध परियोजना में ढहा।
HighLights
तरबेला डैम 5वें एक्सटेंशन प्रोजेक्ट में सुरक्षा बंड ढहा।
पानी के तेज बहाव से आपातकाल, निर्माण कार्य रुका।
चीनी कंपनी PCCCL को 1530 मेगावाट प्रोजेक्ट का ठेका।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सबसे बड़े हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स में शुमार तरबेला डैम के 5वें एक्सटेंशन प्रोजेक्ट से एक बार फिर बहुत बड़ी खबर सामने आई है। इस प्रोजेक्ट के तहत बनाए जा रहे 'टनल-5' के पास सोमवार को एक सुरक्षात्मक बंड अचानक ढह गया।
इसके बाद बांध के जलाशय से पानी का तेज सैलाब उमड़ पड़ा, जिसके चलते आनन-फानन में आपातकाल घोषित करना पड़ा, निर्माण कार्य रोकना पड़ा और वहां काम कर रहे सभी मजदूरों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
चाइनीज कंपनी को मिला है ठेका
बता दें कि इस 1530 मेगावाट क्षमता वाले प्रोजेक्ट के सिविल निर्माण कार्य का ठेका चीन की प्रमुख कंपनी पावर कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन ऑफ चाइना लिमिटेड (PCCCL) के पास है। इस प्रोजेक्ट में विश्व बैंक और एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) का कुल 70.0 करोड़ डॉलर (USD) का कर्ज भी शामिल है।
पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा
खास बात यह है कि 2025 के बाद से इस प्रोजेक्ट पर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले जुलाई में भी इस प्रोजेक्ट पर एक कॉफर्डैम ढह गया था, जिसकी जांच के लिए एक स्वतंत्र कमेटी बनाई गई थी।
जांच रिपोर्ट में बड़े खुलासे
पाकिस्तानी अखबार द्वारा एक्सेस की गई 15 पन्नों की जांच रिपोर्ट में इस डैम को लेकर क चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
डिजाइन में छेड़छाड़- ठेकेदार (PCCCL) ने बिना अनुमति के कॉफ़र्डैम के डिजाइन में बदलाव करके इसे एक कमजोर 'रॉक-फिल्ड' संरचना में बदल दिया था।
लापरवाही की हदें- इंजीनियर और पाकिस्तान की वाटर एंड पावर डेवलपमेंट अथॉरिटी (WAPDA) ने बिना किसी तकनीकी जांच के इस खतरनाक बदलाव को मंजूरी दे दी।
बाढ़ का बहाना खारिज- WAPDA ने इस हादसे के लिए बाढ़ को जिम्मेदार ठहराया था, लेकिन जांच कमेटी ने साफ कर दिया कि पानी का बहाव सामान्य स्तर पर था और ऐतिहासिक रिकॉर्ड के भीतर था। असली वजह कमजोर डिजाइन और घटिया फिल्टर व्यवस्था थी।