विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 30, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Pakistan Flood: दशकों की सबसे भीषण बाढ़ झेल रहा पाकिस्तान का पंजाब, 24 घंटों में 22 की मौत; 14 लाख लोग प्रभवित

By Agency Edited By: Jeet Kumar
Published: Sat, 30 Aug 2025 02:37 AM (IST)

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में दशकों की सबसे भीषण बाढ़ आई है जिससे प्रांत भर में 14.6 लाख से अधिक ...और पढ़ें

दशकों की सबसे भीषण बाढ़ झेल रहा पाकिस्तान का पंजाब (सांकेतिक तस्वीर)
दशकों की सबसे भीषण बाढ़ झेल रहा पाकिस्तान का पंजाब (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. प्रांत भर में 14.6 लाख से अधिक लोग हुए प्रभावित
  2. करतारपुर कॉरिडोर में भी बाढ़ का पानी भर गया था

 पीटीआई, लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में दशकों की सबसे भीषण बाढ़ आई है, जिससे प्रांत भर में 14.6 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। लाहौर शहर में बाढ़ का पानी घुसने से पिछले 24 घंटों में 22 लोगों की मौत हो गई और नौ रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए।

प्रांत भर में 14.6 लाख से अधिक लोग हुए प्रभावित

सरकार ने शुक्रवार को गुरुद्वारा दरबार साहिब सहित करतारपुर कॉरिडोर से बाढ़ का पानी हटाने की घोषणा की और कहा कि अगले सप्ताह की शुरुआत में इसे सिख तीर्थयात्रियों के लिए फिर से खोल दिया जाएगा। कुछ दिन पहले करतारपुर कॉरिडोर में बाढ़ का पानी भर गया था, जिससे लगभग 150 स्थानीय सिख यात्री और अधिकारी फंस गए थे, जिन्हें बाद में हेलीकॉप्टर और नावों के माध्यम से बचाया गया था।

चिनाब में आई भीषण बाढ़ के कारण हालात बद से बदतर

पंजाब सरकार ने कहा कि अबतक 1,700 गांव जलमग्न हो गए हैं और हजारों एकड़ में लगी फसलें डूब गई हैं। सेना ने दस लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। सतलुज, रावी और चिनाब में आई भीषण बाढ़ के कारण हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।

चिनाब से सात से आठ लाख क्यूसेक पानी गुजर सकता है

लाहौर के डिप्टी कमिश्नर सैयद मूसा रजा ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण तीन पूर्वी नदियां उफान पर हैं। बाढ़ पूर्वानुमान विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों में चिनाब से सात से आठ लाख क्यूसेक पानी गुजर सकता है, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की आशंका

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में मध्य और उत्तरी पंजाब सहित पूरे देश में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की आशंका भी जताई है। अधिकारियों ने निचले इलाकों और नदी किनारे के इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत जगह खाली करने का आग्रह किया है।