कंपनियों पर प्रतिबंध के बाद पाक ने किया परमाणु सुरक्षा रिकॉर्ड का बचाव
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि दुनिया भर की कई कंपनियां अमेरिकी वाणिज्य विभाग की प्रतिबंध सूची में रखी गई हैं।
इस्लामाबाद, रायटर। पाकिस्तान ने सात कंपनियों पर अमेरिकी प्रतिबंध के बाद अपने परमाणु सुरक्षा रिकॉर्ड का बचाव किया है। उसने कहा कि कंपनियों पर संदेह का इस्तेमाल उसे बदनाम करने के लिए नहीं किया जाए। अमेरिका ने परमाणु कारोबार से जुड़े होने पर पाक कंपनियों को प्रतिबंध की सूची में शामिल किया। इससे परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में शामिल होने के पाकिस्तान के प्रयास को धक्का लग सकता है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि दुनिया भर की कई कंपनियां अमेरिकी वाणिज्य विभाग की प्रतिबंध सूची में रखी गई हैं। इनमें एनएसजी में शामिल देशों की कंपनियां भी हैं। उसने कहा कि पाकिस्तान के विरोधियों को इन प्रतिबंधों का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। परमाणु सुरक्षा और अप्रसार को लेकर पाकिस्तान के प्रयास को सभी जानते हैं।
गौरतलब है कि पाक अधिकारियों पर उत्तर कोरिया को परमाणु हथियार संबंधी गोपनीय दस्तावेज सौंपने का आरोप है। संयुक्त राष्ट्र की परमाणु एजेंसी के मुताबिक, पाक वैज्ञानिक अब्दुल कादिर खान के नेटवर्क ने ईरान, लीबिया और उत्तर कोरिया को परमाणु हथियार का ब्लूप्रिंट मुहैया कराया।