पाकिस्तान में अकेलेपन से जूझ रहे हाथी को भेजा गया कंबोडिया
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के चिड़ियाघर के हाथी कावन के अकेलेपन को दूर करने के लिए एयरलिफ्ट कर कंबोडिया के अभ्यारण्य भेज दिया गया है। वहां वह अन्य हाथियों के साथ अपना बचा हुआ जीवन मौज-मस्ती के साथ गुजार सकेगा।
इस्लामाबाद, रायटर। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के चिडि़या घर के हाथी कावन के अकेलेपन को दूर करने के लिए एयर लिफ्ट कर कंबोडिया के अभयारण्य भेज दिया गया। वहां वह अन्य हाथियों के साथ अपना बचा हुआ जीवन मौज-मस्ती के साथ गुजार सकेगा। सोमवार को उसके विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने फोटो खिंचवाने के साथ ही उसके लिए विदाई गीत भी गाया।
गौरतलब है कि पाकिस्तान की एक अदालत ने सरकार को इस हाथी को स्थानांतरित करने का आदेश दिया था। पशु अधिकारों के लिए काम करने वाले एक समूह ने इसके लिए अभियान चला रखा था। समूह ने कहा था कि चिडि़याघर में रखे गए हाथी को जंजीरों से बांधकर उसके साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है। वह यहां अकेलेपन का भी शिकार है। इस कार्य में वकील और पॉप स्टार चेर ने भी काफी मदद की। इस हाथी को श्रीलंका ने पाकिस्तान को उपहार में दिया था।