पाकिस्तान: इमरान खान और बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत पर न्यायपालिका से दखल देने की अपील
पाकिस्तान के विपक्षी नेताओं ने जेल में बंद इमरान खान और बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत पर न्यायपालिका से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। दोनों स्वास्थ्य समस्याओं, विशेषकर आंखों की दिक्कतों से जूझ रहे हैं।

HighLights
विपक्षी नेताओं ने इमरान खान, बुशरा बीबी की सेहत पर न्यायपालिका से अपील की।
जेल में बंद दोनों नेताओं की सेहत लगातार बिगड़ रही है।
वे आंखों सहित कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के दो प्रमुख विपक्षी नेताओं ने सोमवार को देश की शीर्ष न्यायपालिका का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
पूर्व क्रिकेटर से राजनेता बने और 'पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ' (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान 2023 से जेल में हैं। उन पर भ्रष्टाचार और हिंसा भड़काने समेत 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 जनवरी, 2025 को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था।
पीटीआई और उनके वकीलों के अनुसार, दोनों ही स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिसमें आंखों से जुड़ी दिक्कतें भी शामिल हैं।
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पीटीआइ द्वारा नेशनल असेंबली और सीनेट के लिए नामित और समर्थित विपक्षी नेताओं महमूद खान अचकजई और अल्लामा राजा नासिर अब्बास ने सुप्रीम कोर्ट और इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को पत्र लिखा है। उन्होंने न्यायाधीशों से इस मामले का संज्ञान लेने की अपील की है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)