विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकिस्तान के पंजाब में गुरुद्वारा श्री खारा साहिब का जीर्णोद्धार, सिखों के लिए फिर खुला

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:00 PM (IST)

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री खारा साहिब का जीर्णोद्धार कर सिख श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया गया है।

गुरुद्वारा खारा साहिब में अरदास करते हुए जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज।

गुरुद्वारा खारा साहिब में अरदास करते हुए जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज।

HighLights

  1. गुरुद्वारा श्री खारा साहिब का जीर्णोद्धार कर फिर खोला गया।

  2. यह गुरुद्वारा 1947 के विभाजन के बाद से बंद था।

  3. छठे सिख गुरु हरगोबिंद साहिब से इसका संबंध है।

डिजिटल डेस्क, लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री खारा साहिब का जीर्णोद्धार कर इसे सिख श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया गया है। 1947 में भारत के विभाजन के बाद से पाकिस्तान में गया यह गुरुद्वारा दशकों से बंद था।

बाबा गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती के अवसर पर इसका जीर्णोद्धार पूरा किया गया। यह क्षेत्र की सदियों पुरानी सिख धार्मिक विरासत को सहेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह गुरुद्वारा लाहौर से करीब 100 किलोमीटर दूर गुजरांवाला जिले के नौशेरा विरकां के पास मट्टू भैके गांव में स्थित है। इसका संबंध छठे सिख गुरु, श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी से है।

सिख ऐतिहासिक परंपरा के अनुसार, गुरु हरगोबिंद 1620 में कश्मीर से लौटते समय इस इलाके में आए थे। उन्होंने यहां अपने प्रवास के दौरान तंबाकू के सेवन के खिलाफ उपदेश दिया और लोगों से गुरु नानक की शिक्षाओं का पालन करने का आग्रह किया। बाद में उनकी यात्रा की स्मृति में इस गुरुद्वारे की स्थापना की गई। इसे गुरुद्वारा खारा साहिब के नाम से जाना जाने लगा।

इसे गुरुद्वारा छेवीं पातशाही भी कहा जाता है।गुरुद्वारे की मौजूदा इमारत करीब 1933-34 की है और इसका निर्माण स्थानीय सिख समुदाय ने कराया था। इसकी वास्तुकला में गुंबद, फूलों की सजावट वाले भित्तिचित्र और बारीकी से चित्रित छतें शामिल हैं। विभाजन के बाद सिख आबादी के भारत चले जाने के कारण यह धार्मिक स्थल वीरान हो गया और दशकों तक श्रद्धालुओं की पहुंच से बाहर रहा।

पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने गुरुद्वारे को फिर से सिख समुदाय के लिए खोलने के उद्देश्य से इवैक्यूई ट्रस्ट प्रापर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) के सहयोग से जीर्णोद्धार का काम कराया।

पंजाब के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सरदार रमेश सिंह अरोड़ा ने अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज के साथ शनिवार को जीर्णोद्धार किए गए गुरुद्वारे का औपचारिक उद्घाटन किया। भारत समेत दुनिया के विभिन्न हिस्सों से पाकिस्तान आए सिख श्रद्धालु भी समारोह में शामिल हुए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।