इमरान खान की पार्टी के डर से 'लोहे की दीवारों के पीछे' छिपी पाकिस्तान सरकार, इस्लामाबाद में 1500 कंटेनर तैनात
पाकिस्तान सरकार ने इमरान खान की पार्टी पीटीआई के विरोध मार्च के डर से इस्लामाबाद को 1500 से अधिक शिपिंग ...और पढ़ें

PTI के मार्च से पहले इस्लामाबाद में लगाए गए कंटेनर (फोटो- रॉयटर्स)
HighLights
पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद को 1500 से अधिक कंटेनरों से सील किया।
इमरान खान की पार्टी पीटीआई का विरोध मार्च 4 अक्टूबर तक टला।
सुरक्षा पर एक अरब पाकिस्तानी रुपये से अधिक का अतिरिक्त बोझ।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद । पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने भले ही इस्लामाबाद की ओर अपना विरोध मार्च चार अक्टूबर तक टाल दिया हो, लेकिन पाकिस्तान सरकार अपनी ओर से कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती। वह पार्टी के मार्च के डर से 'लोहे की दीवारों के पीछे छिप' सी गई है।
पुलिस ने 1,500 से अधिक शिपिंग कंटेनरों से शहर को सील कर दिया है। प्रधानमंत्री आवास और संसद की ओर जाने वाली सड़क पर रंग-बिरंगे कंटेनरों की दो कतारें लगी हुई हैं। सरकार ने अभी तक यह नहीं बताया है कि वह इस्लामाबाद को कब तक आंशिक लाकडाउन की स्थिति में रखेगी।
सरकार ने महीने के आखिर तक किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन को गैर-कानूनी घोषित कर दिया है। सरकार ने हजारों अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं। प्रदर्शनकारियों को जाल में पकड़ने के लिए पुलिस को नेट लांचर दिए गए हैं, और अस्पताल के कर्मचारियों को संभावित "बड़ी संख्या में घायलों के आने" की स्थिति से निपटने के लिए हाई अलर्ट पर रहने का आदेश दिया है।
भाड़े पर लिए गए एक-एक कंटेनर पर रोज 30 हजार पाकिस्तानी रुपये खर्च
प्रेट्र के अनुसार, 27 सितंबर को होने वाले प्रदर्शन को चार अक्टूबर तक टालने से सरकार की सुरक्षा लागत बढ़ने वाली है। इससे सरकारी खजाने पर एक अरब पाकिस्तानी रुपये से अधिक का बोझ पड़ने की आशंका है। इसके पीछे कारण यह है कि ये कंटेनर भाड़े पर लाए गए हैं। हर एक कंटेनर का रोजाना किराया 30 हजार पाकिस्तानी रुपये है। (समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)
