लड़की के प्यार में पाकिस्तान पहुंचा हामिद 6 साल से काट रहा जेल, अब कोर्ट से आई राहत की ख़बर
पाकिस्तान की अदालत ने इमरान सरकार को भारतीय हामिद अंसारी को वापस देश भेजने को कहा है।
इस्लामाबाद, एजेंसी। पाकिस्तान की अदालत ने इमरान सरकार को भारतीय हामिद अंसारी को वापस देश भेजने को कहा है। इसके लिए कोर्ट ने सरकार को एक महीने का वक्त दिया है। बता दें कि 33 वर्षीय अंसारी इस वक्त पेशावर जेल में बंद हैं।
अंसारी को 15 दिसंबर, 2015 को मिलिट्री कोर्ट ने नकली पाकिस्तानी पहचान पत्र बनाने के जुर्म में 3 साल की सजा सुनाई थी। जो कि अब पूरी होने को है। बता दें कि अंसारी फेसबुक पर पाकिस्तान की एक लड़की से हुई मोहब्बत के बाद अफगानिस्तान होते हुए पाकिस्तान पहुंच गया था। जिसके बाद साल 2012 में अवैध रूप से घुसने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था।
भारत को नहीं दी गई जानकारी
अंसारी को वर्ष 2012 में गिरफ्तार किया गया था और उसे जिस जुर्म में गिरफ्तार किया गया था उसमें अधिकतम सजा तीन वर्ष की है। ऐसे में उसे वर्ष 2015 में रिहा कर देना चाहिए था, लेकिन रिहा करना तो दूर उसके बारे में भारत को अभी तक कोई जानकारी भी नहीं दी गई है। जबकि विगत छह वर्षो के दौरान भारत के विदेश मंत्रालय की तरफ से 95 दफे अधिकारिक तौर पर हामिद अंसारी का मुद्दा पाकिस्तान के अधिकारियो के समक्ष उठाया गया है।
कोर्ट के खेल में फंसे अंसारी
पाकिस्तान में दो तरह के कोर्ट हैं एक सिविल कोर्ट और दूसरा मिलिट्री कोर्ट। इनका इस्तेमाल वहां के हुक्मरान और पाक सेना अपनी सुविधा के अनुसार करती है। मिलिट्री कोर्ट पर किसी का जोर नहीं चलता। यही वजह है कि अपने प्यार को पाने की चाहत में सीमा पार कर वहां पहुंचे अंसारी पर मिलिट्री कोर्ट में आतंकवादी की तरह मामला चलाया गया। पाक सेना की मानसिकता इस बात से समझी जा सकती है कि हामिद अंसारी के मामले की अपने स्तर पर तहकीकात में जुटी महिला पत्रकार जीनत शहजादी को अचानक अगवा कर लिया गया और उन्हें दो वर्ष बाद छोड़ा गया। शहजादी को तब गिरफ्तार किया गया जब वह पांच दिनों बाद हामिद अंसारी मामले में गवाही देने जाने वाली थी। शहजादी के अगवा होने के बाद उनके भाई ने गम में आत्महत्या कर ली।
अंसारी के बारे में आज तक भारत को कुछ नहीं बताया गया और ना ही उस तक भारतीय राजनयिकों की पहुंच दी गई। यह अंतरराष्ट्रीय कानूनों का भी उल्लंघन है। हालांकि पाकिस्तान में यह कोई नई बात नहीं है। यह बताता है कि पाक सेना किस तरह से 'डीप स्टेट' के तौर पर काम करती है। इस बीच अंसारी की मां अपने बेटे के लौटने का इंतजार कर रही है।