Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान में भीषण हादसा, बस पलटने से 11 की मौत; 22 लोग घायल

    Updated: Mon, 30 Dec 2024 04:50 PM (IST)

    पाकिस्तान में फिर एक बड़ा बस हादसा हुआ है। यहां पर पंजाब के फतेह जंग इलाके में एक बस दुर्घटना में कम से कम 11 लोगों के मारे जाने की खबर है। हादसे में 22 लोग घायल भी हैं। जानकारी के अनुसार बहावलपुर से इस्लामाबाद जाते समय एम-14 मोटरवे पर बस पलट गई। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित बहावलपुर वेहरी शरकपुर और इस्लामाबाद के निवासी थे।

    Hero Image
    पाकिस्तान में भीषण हादसा, बस पलटने से 11 की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    एएनआई, इस्लामाबाद। पाकिस्तान से बस हादसे की खबर सामने आई है। यहां पर पंजाब के फतेह जंग इलाके के पास एक बस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई और 22 लोग घायल हो गए। 

    जानकारी के अनुसार बहावलपुर से इस्लामाबाद जाते समय एम-14 मोटरवे पर बस पलट गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने इस हादसे के बाद बताया कि पीड़ित बहावलपुर, वेहरी, शरकपुर और इस्लामाबाद के निवासी थे। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

    एएनआई ने जियो न्यूज के हवाले से बताया कि हादसे के बाद बचाव अधिकारियों ने कहा कि तीन महिलाओं के समेत छह लोगों को बेनजीर भुट्टो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक अन्य घायल को इस्लामाबाद और जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जियो न्यूज के अनुसार मोटरवे पुलिस ने दुर्घटना के लिए ड्राइवरों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। मोटरवे पुलिस महानिरीक्षक रिफ्फत मुख्तार ने तुरंत इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।

    पिछले महीने भी हुआ था हादसा

    बता दें कि पिछले महीने भी गिलगित-बाल्टिस्तान में शादी के मेहमानों से भरी एक तेज रफ्तार वाली बस पुल से सिंधु नदी में गिर गई थी। इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई थी। जियो न्यूज ने इस हादसे को लेकर बताया था कि यह बस पंजाब के चकवाल जिले की ओर जा रही एक शादी के जुलूस का हिस्सा थी। जिस दौरान यह डायमर जिले की सीमा में तेलची पुल से नदी में गिर गई।

    सितंबर में भी हुआ था बस हादसा

    पाकिस्तान में इस साल सितंबर के महीने में भी एक बस हादसे की खबर सामने आई थी। जानकारी के अनुसार सितंबर में बलूचिस्तान के शेरानी में दानसर इलाके में एक बस के खाई में गिर जाने से छह लोगों की मौत हो गई थी और 20 अन्य घायल हो गए थे।

    शनिवार को भी हुआ था हादसा

    समाचार एजेंसी एएनआई ने एआरवाई न्यूज के हवाले से बताया कि शनिवार को भी पाकिस्तान में भीषण दुर्घटना हुई थी। जानकारी के मुताबिक जैकोबाबाद के थुल इलाके में एक यात्री कोच के खाई में गिर जाने से पांच लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए।

    बताया गया कि ये वाहन बलूचिस्तान से पंजाब जा रहे यात्रियों को ले जा रहा था। सभी घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शवों को भी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

    यह भी पढ़ें: South Korea Plane Crash के बाद बोइंग पर फिर उठने लगे सवाल, पहले ही लुढ़क रहे कंपनी के शेयर; हादसे पर क्या बोले पायलट?