पाकिस्तान में सात माह से लापता सामाजिक कार्यकर्ता घर लौटा
खान ने भारत और पाकिस्तान के युवाओं के बीच 'आगाज-ए-दोस्ती' मैत्री कार्यक्रम की शुरुआत की थी।
लाहौर, प्रेट्र। सात माह से लापता भारत-पाक मैत्री संबंधों की वकालत करने वाले पाकिस्तान के सामाजिक कार्यकर्ता रजा महमूद खान (40) घर लौट आए हैं। खान को दो दिसंबर, 2017 को लाहौर स्थित उनके घर से सादे कपड़े पहने कुछ लोगों ने कथित तौर पर अगवा कर लिया था। खान ने भारत और पाकिस्तान के युवाओं के बीच 'आगाज-ए-दोस्ती' मैत्री कार्यक्रम की शुरुआत की थी।
डॉन अखबार में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब पुलिस ने दस दिन पहले उन्हें ढूंढ लिया था। लेकिन उनके मिलने की जगह को लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस अधीक्षक मुहम्मद इमरान ने सिर्फ इतना कहा, 'खान पूरी तरह से स्वस्थ हैं। सुरक्षा कारणों से उनका बयान नहीं लिया गया है।'
खान की गुमशुदगी के बाद से ही उनके परिजन, दोस्त और मानवाधिकार कार्यकर्ता उनकी रिहाई की मांग कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने इसे अमन और मानवाधिकारों की बात करने वालों की आवाज दबाने की कोशिश बताया था। पाकिस्तान में अपहरण की घटनाएं काफी आम हैं। 2011 से दिसंबर, 2017 के बीच इस तरह के 4,608 मामले सामने आए थे।