'सत्ता के बोझ तले दब जाएंगे', पाकिस्तान में विपक्षी नेता ने सेना को दी चेतावनी
मौलाना फजलुर रहमान ने पाकिस्तानी सेना को राजनीतिक और संस्थागत शक्ति के बढ़ते जमावड़े पर चेतावनी दी है, कहा कि यह देश की स्थिरता के लिए खतरा है।

सत्ता के बोझ तले दब जाएंगे।
HighLights
सेना की बढ़ती शक्ति देश की स्थिरता के लिए खतरा।
खैबर पख्तूनख्वा में आपातकाल को लोकतंत्र पर हमला बताया।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सरकार को 'फर्जी' करार दिया।
डिजिटल डेस्क, लाहौर। पाकिस्तान के विपक्षी नेता और 'जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-एफ' के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान ने सेना के पास राजनीतिक और संस्थागत ताकत के बढ़ते जमावड़े को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थाओं के बीच असंतुलन देश की स्थिरता के लिए खतरा बन सकता है।
पंजाब के मुल्तान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, रहमान ने कहा कि पाकिस्तान तभी ठीक से काम कर सकता है जब सेना, नौकरशाही और चुनी हुई संस्थाएं अपने-अपने संवैधानिक दायरे में रहकर काम करें।
वे खुद ही उस सत्ता के बोझ तले दब जाएंगे- मौलाना फजलुर रहमान
सेना की ओर इशारा करते हुए उन्होने कहा कि जो ताकतवर लोग अपने कंधों पर लगातार ज्यादा से ज्यादा अधिकार लेते जा रहे हैं, वे जल्द ही एक ऐसे मुकाम पर पहुंच जाएंगे जहां वे खुद ही उस सत्ता के बोझ तले दब जाएंगे।
उनका यह बयान राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी द्वारा 11 अक्तूबर को खैबर पख्तूनख्वा में आपातकाल और गर्वनर शासन लागू करने के कुछ दिनों बाद आया है। इस कदम के तहत जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी 'पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ' की प्रांतीय सरकार को हटा दिया गया था।
खैबर पख्तूनख्वा में आपातकाल लोकतंत्र पर हमला- मौलाना फजलुर रहमान
रहमान ने इस कदम की आलोचना करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया और लोकतांत्रिक तरीकों से इसका विरोध करने का संकल्प लिया।
रहमान ने प्रधानमंत्री शहबाद शरीफ की सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस सरकार के पास जनता का जनादेश नहीं है और इसे 'कमजोर शासकों' की एक 'फर्जी सरकार' करार दिया।
हमने संसद का रास्ता चुना- मौलाना फजलुर रहमान
उन्होंने कहा कि हमने संसद का रास्ता चुना है। आज पाकिस्तान की जनता और पूरी दुनिया देख सकती है कि कौन सी ताकत संसदीय राजनीति, लोकतंत्र और जनता से जुड़ी राजनीति को नुकसान पहुंचा रही है। अब यह बात छिपी नहीं है। उन्होंने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी पर भी निशाना साधा, उसकी लोकतांत्रिक साख पर सवाल उठाए और खैबर पख्तूनख्वा से जुड़े फैसले को लेकर राष्ट्रपति जरदारी की भी आलोचना की।
रहमान की टिप्पणियों ने हर पाकिस्तानी को आहत- मरियम नवाज
इस बीच, पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने रहमान के बयानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर के बारे में उनकी टिप्पणियों ने हर देशभक्त पाकिस्तानी को आहत किया है। उन्होंने रहमान पर आरोप लगाया कि खैबर पख्तूनख्वा में अध्यक्षता, कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने के बजाय, वे उनका समर्थन कर रहे हैं।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान: बलूचिस्तान प्रांत में 20 ट्रेनी पुलिस अधिकारियों का अपहरण, हथियारबंद लोगों ने किया अगवा
