पाकिस्तान: बलूचिस्तान प्रांत में 20 ट्रेनी पुलिस अधिकारियों का अपहरण, हथियारबंद लोगों ने किया अगवा
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हथियारबंद लोगों ने एक पुलिस अकादमी के 20 प्रशिक्षु अधिकारियों का अपहरण कर लिया।

बलूचिस्तान में 20 पुलिस प्रशिक्षु अधिकारी अगवा। (फोटो-सोशल मीडिया)
HighLights
बलूचिस्तान में 20 पुलिस प्रशिक्षु अधिकारी अगवा।
हथियारबंद लोगों ने बस रोककर किया अपहरण।
सुरक्षा बलों ने तलाश के लिए अभियान शुरू किया।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हथियारबंद लोगों ने एक पुलिस अकादमी के 20 प्रशिक्षु अधिकारियों का अपहरण किया। पुलिस ने न्यूज एजेंसी PTI को मामले की जानकारी देते हुए कहा कि सुरक्षा बलों ने अपहृत लोगों की तलाश के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया है। ये सभी लोग कलात जिले के एक पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में ट्रेनिंग ले रहे थे।
क्वेटा-कराची हाइवे पर वारदात
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना क्वेटा-कराची हाइवे पर मस्तुंग के पास हुई। पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के 20 प्रशिक्षु अधिकारी एक बस में सवार होकर वीकेंड की छुट्टी पर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार हथियारबंद हमलावरों ने बस को जबरन रोक लिया।
हमलावरों ने बंदूक की नोक पर ड्राइवर को बस एक अज्ञात जगह ले जाने के लिए मजबूर किया। बाद में हमलावरों ने ड्राइवर और तीन अन्य नागरिकों को छोड़ दिया, लेकिन 20 पुलिस प्रशिक्षुओं को बंधक बनाकर अपने साथ ले गए।
अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी
फिलहाल इस वारदात की किसी भी आतंकी संगठन या अलगाववादी समूह ने जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि यह घटना ऐसे समय में हुई जब पाकिस्तानी सुरक्षा बल बलूचिस्तान में प्रतिबंधित अलगाववादी समूहों और 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' (TTP) के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं।
बलूचिस्तान में बढ़ी हमलों की घटनाएं
अफगानिस्तान की सीमा से सटे बलूचिस्तान प्रांत में हाल के महीनों में सुरक्षा बलों और नागरिकों को निशाना बनाने की घटनाओं में तेजी आई हैं। जुलाई में जियारत में मांगी डैम के पास पुलिस चेकपॉइंट पर आतंकवादियों ने हमला कर 27 पुलिसकर्मियों की जान ले ली थी। वहां 9 पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद 18 अन्य का अपहरण किया गया था, जिनके शव बाद में पहाड़ियों में मिले थे।
पिछले महीने कलात में एक हाईवे चेकपॉइंट से 23 लोगों का अपहरण कर लिया गया था, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए 5 आतंकवादियों को मार गिराया और बंधकों को सुरक्षित छुड़ाया था।
इन घटनाओं के लगातार सामने आने के बाद पाकिस्तानी सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में आतंकवादी विरोधी अभियानों को और तेज कर दिया है।
