पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमले में डीएसपी समेत 11 पुलिसकर्मी मारे गए, 12 लोग घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस वैन पर आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में डीएसपी समेत 11 पुलिसकर्मी मारे गए और 12 अन्य घायल हो गए।

खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमले में डीएसपी समेत 11 पुलिसकर्मी मारे गए। (फाइल)
डिजिटल डेस्क, पेशावर। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में अवैध सोने की खुदाई के खिलाफ एक ऑपरेशन के लिए जा रही पुलिस वैन पर आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में डीएसपी समेत 11 पुलिसकर्मी मारे गए और 12 अन्य घायल हो गए।
पुलिस प्रवक्ता मुहम्मद नौमान जेब ने बताया कि गुंबत कोहाट इलाके की ओर जा रही पुलिस टीम पर दरबोकाच जालंधर बांदा इलाके में हमला किया गया। हमलावरों ने पहाड़ियों की चोटियों से पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाईं, जिससे कई पुलिसकर्मी हताहत हुए और पुलिस की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
मारे गए लोगों में गुंबत के डीएसपी हैदर जमान और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार शामिल हैं। हमले के दौरान पुलिस की पांच गाड़ियों को आग भी लगा दी गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर लगातार गोलियां चलाईं, जिसके बाद दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई।
घटनास्थल पर पुलिस की और गाड़ियां भेजी गईं, और हमले का जवाब देने के लिए भारी पुलिस बल को तैनात किया गया। हमले के बाद, जिला अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने हमले की निंदा की और इसे आपराधिक तत्वों तथा आतंकवादियों के बीच की मिलीभगत बताया।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)