यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Pakistan: पंजाब चुनाव के लिए इमरान खान निकालेंगे रैली, पीटीआई नेता बोले- ऐतिहासिक होगा नजारा
Pakistan News पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) नेता इमरान खान बुधवार को चुनावी रैली निकालने जा रहे हैं। पीटीआई नेता हम्माद अजहर ...और पढ़ें

लाहौर, एजेंसी। पंजाब में आगामी प्रांतीय चुनावों के लिए 30 अप्रैल को मतदान होगा। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने बुधवार से औपचारिक रूप से चुनाव अभियान शुरू करने के लिए "ऐतिहासिक" रैली की घोषणा की है।
बुलेट प्रूफ वाहन से रैली का नेतृत्व करेंगे इमरान खान
डॉन अखबार ने सोमवार को बताया कि बम और बुलेटप्रूफ वाहन से पार्टी प्रमुख इमरान खान रैली का नेतृत्व करेंगे। पीटीआई नेता हम्माद अजहर ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री की जान पर खतरे की बात कही। जियो न्यूज ने बताया कि प्रांतीय राजधानी में जमान पार्क में इमरान खान के घर से शुरू होकर चुनावी रैली दाता दरबार पर खत्म होगी। अजहर ने कहा, “जब वह शेर (इमरान खान) बुधवार को जमान पार्क से निकलेगा, तो लाहौर में ऐतिहासिक दृश्य होगा। आने वाली पीढ़ियां इस घटना की तस्वीरें और वीडियो देखेंगी। वे समझेंगे कि एक राष्ट्र जीवित कैसे होता है।”
राष्ट्रपति ने पिछले हफ्ते की थी चुनाव की घोषणा
राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने पिछले हफ्ते चुनाव की घोषणा की थी। दरअसल, देश के शीर्ष चुनावी निकाय ने उन्हें उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार संभावित मतदान तिथियों का सुझाव देने के लिए एक पत्र लिखा था। शीर्ष अदालत ने पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा विधानसभाओं के चुनाव निर्धारित 90 दिनों की अवधि के भीतर कराने का फैसला दिया था, जिसके दो दिन बाद यह घोषणा अल्वी ने की थी।
इमरान खान के भाषणों के प्रसारण पर लगाई गई रोक
बता दें कि पाकिस्तान के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया वॉचडॉग ने 5 मार्च को टेलीविजन चैनलों को अपदस्थ प्रधानमंत्री के लाइव और रिकॉर्ड किए गए भाषणों को प्रसारित करने पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया था। इसका जिक्र करते हुए अजहर ने कहा कि कोई भी पीटीआई अध्यक्ष की आवाज को नहीं रोक सकता, क्योंकि यह पाकिस्तान की आवाज है।