विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'शायद जिंदा वापस न लौट पाऊं', पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की सुप्रीम कोर्ट को चेतावनी; इलाज की मांग

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:39 PM (IST)

जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपनी बिगड़ती सेहत और पत्नी बुशरा बीबी के स्वास्थ्य पर ...और पढ़ें

इमरान खान की सुप्रीम कोर्ट को चेतावनी

इमरान खान की सुप्रीम कोर्ट को चेतावनी

HighLights

  1. इमरान खान ने अपनी जान को खतरा बताते हुए इलाज मांगा।

  2. पत्नी बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी पर भी जताई चिंता।

  3. जेल प्रशासन पर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना का आरोप।

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने चेतावनी दी है कि उनकी लगातार बिगड़ती सेहत उन्हें ऐसी स्थिति में पहुंचा सकती है जहां से वे शायद जिंदा वापस न आ पाएं। इमरान खान ने पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के जजों से अपील की है कि वे उनके और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के लिए उचित चिकित्सा उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट, फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट और इस्लामाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को संबोधित यह खुला पत्र सोमवार को सार्वजनिक किया गया।

खान के वकील सलमान सफदर ने पिछले हफ्ते अदियाला जेल में उनसे मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह लेटक शेयर किया। 11 नवंबर को हुई इस मुलाकात के दौरान खान ने सफदर से कहा था कि उनकी यह बात सीधे जजों तक पहुंचाई जाए।

इमरान को गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं

लेटर में 74 वर्षीय इमरान खाने लिखा है, इस लगातार बनी हुई स्थिति के कारण मुझे ऐसी जगह ले जाया जा रहा है, जहां से शायद मैं जिंदा वापस न आ सकूं। उन्होंने दावा किया है कि 20 दिसंबर 2025 से उन्हें लगातार एकांत कारावास में रखा जा रहा है।

वे दिन में 22 घंटे तक बाहरी दुनिया से पूरी तरह कटे रहते हैं और उन्हें परिवार, वकीलों या मीडिया से संपर्क की अनुमति नहीं है।

पूर्व प्रधानमंत्री ने अपनी गंभीर सेहत का हवाला देते हुए बताया कि 10 नवंबर को उनका ब्लड प्रेशर बढ़कर 192-193 तक पहुंच गया था। डॉक्टरों ने उन्हें चेतावनी दी है कि इस स्थिति में उन्हें ब्रेन हेमरेज या कार्डियक अरेस्ट का गंभीर खतरा हो सकता है।

पत्नी की बिगड़ती सेहत की चिंता

इमरान खान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी के सेहत को लेकर भी गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी आंखों की रोशनी लगातार कम हो रही है और उन्हें तत्काल एक और सर्जरी की जरूरत है। अप्रैल में बुशरा बीबी की आंख का रेटिना अलग होने के बाद उनकी सर्जरी हुई थी, लेकिन उसके बाद उन्हें फिर से एकांत में डाल दिया गया और उन्हें अपने डॉक्टरों से मिलने की अनुमति नहीं दी गई।

11 नवंबर को मुलाकात के दौरान वे न तो रोशनी बर्दाश्त कर पा रही थीं और न ही अपनी आंखें खोल पा रही थीं। इमरान खान का कहना है कि अगर तुरंत उन्हें इलाज नहीं मिला, तो उनकी आंख की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है।

आदेशों की अवहेलना का आरोप

इमरान खान ने आरोप लगाया कि 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में शिफ्ट करने, मेडिकल बोर्ड बनाने और परिवार से मिलने की अनुमति देने का निर्देश दिया था, लेकिन जेल प्रशासन ने इन आदेशों का पालन नहीं किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कोई कानूनी लाभ नहीं मांग रहे, बल्कि केवल मानवीय आधार पर न्याय और चिकित्सा उपचार चाहते हैं।

उन्होंने अंत में लिखा, मैं तभी अपनी बेगुनाही साबित कर पाऊंगा, जब मैं जीवित रहूंगा। मैं मानवीय संवेदना के आधार पर अपील करता हूं कि बहुत देर होने से पहले मुझे न्याय दिलाएं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।