पाकिस्तान में महिला पोलियो कर्मी की गोली मारकर हत्या
अफगानिस्तान की सीमा से सटे चमन जिले में मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों की गोलियों का शिकार बन गईं। हमले में एक अन्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।
By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Thu, 25 Apr 2019 06:51 PM (IST)Updated: Thu, 25 Apr 2019 06:51 PM (IST)
क्वेटा, रायटर। पाकिस्तान में पोलियो टीकाकरण के काम में जुटे एक और दल पर गुरुवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक महिलाकर्मी की मौत हो गई। पोलियो उन्मूलन के कार्य में जुटीं 20 साल की रशीदा बीबी अफगानिस्तान की सीमा से सटे चमन जिले में मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों की गोलियों का शिकार बन गईं। हमले में एक अन्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पाकिस्तान में पिछले एक सप्ताह में पोलियो अभियान से जुटे लोगों पर हुए हमलों में यह चौथी मौत है। जान गंवाने वालों में पोलियो टीम की सुरक्षा में तैनात दो पुलिस अफसर भी शामिल हैं। इसके अलावा लाहौर में एक पोलियो कर्मी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
पाकिस्तान में पोलियो उन्मूलन को लेकर शुरू किए गए देशव्यापी अभियान के बीच लोगों में कई भ्रांतियां भी फैलाई जा रही हैं। बीते सोमवार को पेशावर में एक मस्जिद के लाउडस्पीकर से एलान किया गया कि लोग अपने बच्चों को पोलियो की खुराक नहीं दिलवाएं।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें