पाकिस्तान की लैला अली बनीं ड्राइविंग लाइसेंस पाने वाली पहली पाक ट्रांसजेंडर महिला
लैला ने मीडिया को बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय से होने के कारण उसे लाइसेंस बनवाने में परेशानी हो रही थी।
इस्लामाबाद, आइएएनएस। पड़ोसी देश पाकिस्तान में एक ट्रांसजेंडर (किन्नर) महिला का ड्राइविंग लाइसेंस बना है। पाकिस्तान के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी ट्रांसजेंडर का ड्राइविंग लाइसेंस बनाया गया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक इस्लामाबाद ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को ट्रांसजेंडर महिला लैला अली के नाम पर ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया। इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख ने बताया कि लैला दस वर्षो से बिना लाइसेंस के गाड़ी चला रही थी।
लैला ने मीडिया को बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय से होने के कारण उसे लाइसेंस बनवाने में परेशानी हो रही थी। इसके बारे में उसने इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख को बताया था। जिस पर उन्होंने लाइसेंस बनवाने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद ही यह लाइसेंस मिल पाया है।
आपको बता दें कि वर्तमान में पाकिस्तान में पांच लाख से अधिक ट्रांसजेंडर हैं। पाकिस्तानी संसद ने इस साल मई में ट्रासजेंडर पर्सन (प्रोटेक्शन ऑफ राइट) कानून पारित कर इस समुदाय को व्यापक सुरक्षा प्रदान की है।