विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अज्ञात बंदूकधारियों का डर... हाफिज सईद और मसूद अजहर पाकिस्तान के सुरक्षित ठिकानों में छिपाए गए

Published: Sun, 15 Nov 2026 12:39 AM (IST)

हाफिज सईद को लाहौर के जोहर टाउन से रावलपिंडी के गैरीसन ग्राउंड इलाके में शिफ्ट किया गया है, जो पाकिस्तान ...और पढ़ें

हाफिज सईद और मसूद अजहर पाकिस्तान के सुरक्षित ठिकानों में छिपाए गए

हाफिज सईद और मसूद अजहर पाकिस्तान के सुरक्षित ठिकानों में छिपाए गए

HighLights

  1. संयुक्त राष्ट्र ने दोनों को वैश्विक आतंकी घोषित किया है

  2. दोनों आतंकी पाकिस्तान की आईएसआई के कड़े सुरक्षा वाले सेफ हाउस में हैं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में कई बड़े आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड माने जाने वाले लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद और जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को पिछले एक हफ्ते में पाकिस्तान में नए सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचा दिया गया है। खुफिया सूत्रों के अनुसार दोनों अब पाकिस्तान की आईएसआई के कड़े सुरक्षा वाले सेफ हाउस में हैं।

हाफिज सईद को लाहौर के जोहर टाउन से रावलपिंडी के गैरीसन ग्राउंड इलाके में शिफ्ट किया गया है, जो पाकिस्तान आर्मी मुख्यालय के करीब है। मसूद अजहर को सिंध प्रांत के नवाबशाह में एक सेफ हाउस में रखा गया है।

सूत्रों का कहना है कि यह कदम डर के कारण उठाया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकी ढांचे को हुए नुकसान और हाल के महीनों में पाकिस्तान में कई भारत-विरोधी आतंकियों की अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा हत्या के बाद आईएसआई को नई भारतीय कार्रवाई और ऐसे हमलों का खतरा महसूस हो रहा है।

हाफिज सईद अब लश्कर के सदस्यों से आमने-सामने नहीं मिलते। वे सिर्फ ऑडियो संदेशों के जरिए संपर्क करते हैं। उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आवाजाही पर सख्त पाबंदी है।

पाकिस्तान का दावा है कि सईद लाहौर की कोट लखपत जेल में आतंक फंडिंग के मामलों में सजा काट रहा है। लेकिन खुफिया एजेंसियां इसे दिखावा बताती हैं और कहती हैं कि वे सेफ हाउस में आराम से रह रहे हैं।

जैश-ए-मोहम्मद को बड़ा झटका लगा है। बहावलपुर स्थित उसके मुख्यालय मरकज को ऑपरेशन सिंदूर में भारी नुकसान पहुंचा था। मसूद अजहर भी अपने सदस्यों से सीधे संपर्क नहीं रखते और चुनिंदा कमांडरों से ही बात करते हैं।

संयुक्त राष्ट्र ने दोनों को वैश्विक आतंकी घोषित किया है। सईद 26/11 मुंबई हमलों समेत कई हमलों के लिए भारत में वांछित हैं, जबकि अजहर पुलवामा, पठानकोट और संसद हमलों के मास्टरमाइंड माने जाते हैं। फिलहाल सूत्रों के अनुसार दोनों जेल में नहीं बल्कि एजेंसी की सुरक्षा में हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।