रूस के साथ रक्षा संबंधों में प्रगति हुई : पाकिस्तान
पाकिस्तान का मानना है कि रूस के साथ उसके रक्षा संबंधों में प्रगति हुई है।
इस्लामाबाद (आईएएनएस)। रूस व पाकिस्तान के बीच रक्षा संबंधों में प्रगति हुई है। इस बात की जानकारी पाकिस्तान की ओर से दी गई है। शीत युद्ध में एक-दूसरे के परस्पर विरोधी रहे रूस और पाकिस्तान ने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को प्रगाढ़ करने के मकसद से समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत पाकिस्तानी सैनिकों को रूस के सैन्य प्रशिक्षण संस्थानों में ट्रेनिंग दी जाएगी।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने रूसी उप रक्षामंत्री कर्नल जनरल अलेक्जेंडर वी. फोमिन के पाकिस्तान के दौरे के दो दिन बाद गुरुवार को यह टिप्पणी की। फोमिन ने पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा और अन्य सैन्य अधिकारियों के साथ वार्ता की थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अपने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, ‘गुजरते सालों के साथ हमारे रक्षा संबंध लगातार बढ़े हैं और दोनों देशों की सेनाओं ने नियमित रूप से सैन्य संपर्क स्थापित किए हैं।‘
दोनों देशों के बीच 2016 में पाकिस्तान में और रूस में 2017 में 'ड्रजबा' (मैत्री) नामक संयुक्त सैन्याभ्यास के दो संस्करण आयोजित हुए। रक्षा मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘दोनों देशों ने आरएफ (रूसी संघ) प्रशिक्षण संस्थानों में पाकिस्तान के सेवा सदस्यों के प्रवेश पर अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।’
बता दें कि अमेरिका के साथ संबंधों में आए ठहराव के कारण पाकिस्तान का झुकाव चीन और रूस की ओर बढ़ा है। पाकिस्तान ने साल 2014 में रूस के साथ रक्षा सहयोग समझौता किया था। इसके बाद से दोनों देशों के बीच निकटता बढ़ती जा रही है। इस साल के शुरुआत में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने मॉस्को का दौरा किया था।