हूती विद्रोहियों के हमलों से निपटने के लिए इस्लामाबाद में मंथन, हर संभव सहयोग तेज करने का संकल्प
सऊदी अरब पर हो रहे यमन के हूती लड़ाकों के हमलों के मद्देनजर शुक्रवार को मक्का समझौते में शामिल देशों की दो दिवसीय बैठक पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुरू हो गई है।

हूती विद्रोहियों के हमलों से निपटने के लिए इस्लामाबाद में मंथन
HighLights
मक्का समझौते में शामिल सऊदी अरब और तुर्किये के साथ हो रही बैठक
हूती के इलाके में सऊदी अरब के हवाई हमले में 11 लोग मारे गए
सऊदी अरब की सुरक्षा पर खतरा पाकिस्तान और तुर्किये के लिए भी खतरनाक है
पीटीआई, इस्लामाबाद। सऊदी अरब पर हो रहे यमन के हूती लड़ाकों के हमलों के मद्देनजर शुक्रवार को मक्का समझौते में शामिल देशों की दो दिवसीय बैठक पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुरू हो गई है।
इस बैठक में हूती के हमलों से निपटने की रणनीति पर विचार किया जा रहा है। वैसे पाकिस्तान अघोषित रूप से सऊदी अरब की ओर से हूती के ठिकानों पर हो रहे हवाई हमलों में कई हफ्तों से शामिल है।
इस बीच हूती के हमलों के जवाब में शुक्रवार को सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों ने यमन के तैज प्रांत के हूती के नियंत्रण वाले इलाकों पर बमबारी की।
इस बमबारी में 11 लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं। मृतकों में ज्यादातर बच्चे हैं। अगस्त में हुए मक्का समझौते में सऊदी अरब के साथ पाकिस्तान और तुर्किये शामिल हैं।
इस समझौते के अनुसार किसी एक देश पर हुआ हमला तीनों देशों पर माना जाएगा और उसका तीनों देश मिलकर जवाब देंगे।
लेकिन लगभग तीन महीने से जारी हूती के हमलों से मुकाबले में सऊदी अरब का खुलकर साथ देने से पाकिस्तान और तुर्किये ने लगातार हिचकिचाहट जाहिर की है।
तुर्किये ने साफ कर दिया है कि मक्का समझौते को अभी उसकी संसद से स्वीकृति नहीं मिली है और समझौते के प्रविधान के अनुसार वह किसी अन्य देश पर हमले में सहयोग नहीं दे सकता है।
पाकिस्तान ने बयान जारी कर सऊदी अरब की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने की बात कही है और संकेतों में बताया है कि उसके सैनिक सऊदी अरब में हैं। लेकिन पाकिस्तान ने हूती के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में कोई घोषणा नहीं की है।
इस्लामाबाद और रावलपिंडी में इस सिलसिले में होने वाली बैठकों के लिए शुक्रवार को दोनों शहरों में सार्वजनिक अवकाश रखा गया है और सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बताया है कि बैठकों में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री हिस्सा ले रहे हैं। कहा कि यह बैठक बहुत महत्वपूर्ण है और इसमें सऊदी अरब की अशांति पर विस्तार से चर्चा हो रही है।
सऊदी अरब की सुरक्षा पर खतरा पाकिस्तान और तुर्किये के लिए भी खतरनाक है। इसलिए उससे निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इससे पहले गुरुवार को पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री इशाक डार ने ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची से फोन पर बात कर क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की थी।
माना जा रहा है कि उन्होंने पाकिस्तानी रुख को लेकर ईरान को संदेश दिया है। इस बीच मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने सऊदी अरब के जजान शहर में स्थित ऑयल रिफायनरी पर हूती के हमले की निंदा की है। गुरुवार को हुए इस हमले में एक नेपाली नागरिक की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे।