पाकिस्तान में Covid -19 मामलों में रमजान के दूसरे दिन हुई वृद्धि, एक दिन में 700 नए केस हुए दर्ज
जियो न्यूज ने बताया कि पिछले 24 घंटों में देश में मामलों की संख्या बढ़कर 13318 पहुंच गई है। देश में सबसे ज्यादा मामलों वाला राज्य पंजाब है।
इस्लामाबाद, एएनआइ। पाकिस्तान में रविवार को रमज़ान के दूसरे दिन में COVID-19 के लगभग 700 नए मामले और लगभग 12 वायरस से संबंधित मौतें हुईं। जियो न्यूज ने बताया कि पिछले 24 घंटों में देश में मामलों की संख्या बढ़कर 13,318 पहुंच गई है। देश में सबसे ज्यादा मामलों वाला राज्य पंजाब है, जहां अब तक 5,446 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
दूसरी ओर, सिंध में अब तक 4,615 मामले दर्ज किए गए हैं। खैबर-पख्तूनख्वा में 1,864 मामले हैं और बलूचिस्तान में मामले 781 हो गए हैं। कई अन्य क्षेत्रों में भी COVID -19 मामलों की संख्या में वृद्धि देखी गई है। आपको बता दें कि लॉकडाउन करना और इसे कायम रखना पाकिस्तान के लिए एक चुनौती साबित हो रहा है। इसके पीछे कारण है इस्लामिक पवित्र महीने के बीच पाकिस्तान के लोग लगातार शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ा रहे हैं। दिशा-निर्देशों का पालन करने में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
इससे पहले गुरुवार को, डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम ने चेतावनी दी थी कि अगर पाकिस्तान ने पर्याप्त कदम सख्यती के साथ नहीं उठाए तो जुलाई के मध्य तक देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 200,000 तक बढ़ सकती है।
डॉ टेड्रोस के मुताबिक, पाकिस्तान की COVID-19 प्रतिक्रिया योजना पाकिस्तान सरकार, संयुक्त राष्ट्र और साझेदारों की संयुक्त रणनीति है। यह संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक लक्ष्यों, पाकिस्तान की राष्ट्रीय कार्य योजना और डब्ल्यूएचओ की वैश्विक रणनीतिक तैयारी और प्रतिक्रिया योजना के साथ संरेखित है।
इससे एक दिन पूर्व पाकिस्तान में कोरोना वायरस (कोविड-19) के 783 मामले सामने आए थे। ऐसे में सरकार और विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे मस्जिदों में न जाएं और रमजान के दौरान सामूहिक नमाज अदा करने से परहेज करें। अगर ऐसा नहीं होता है, तो पाकिस्तान में रमजान के दौरान कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से वृद्धि हो सकती है। पीआईएमए के अध्यक्ष डॉ. इफ्तिखार बर्नी ने शनिवार को चेतावनी दी थी कि मस्जिदें वायरस को फैलाने का प्रमुख स्रोत बन रही हैं।