दुनिया में एक दिन में कोरोना से 12 हजार लोगों की गई जान, ब्राजील में मौतों का सिलसिला जारी
दुनिया में कोरोना महामारी का कहर थमता नहीं दिख रहा है। दैनिक मामलों और मौतों का आंकड़ा कम नहीं हो रहा है। विश्व भर में बीते 24 घंटे के दौरान 12 हजार से अधिक मरीजों की मौत हो गई।
वाशिंगटन, एजेंसियां। दुनिया में कोरोना महामारी का कहर थमता नहीं दिख रहा है। दैनिक मामलों और मौतों का आंकड़ा कम नहीं हो रहा है। दैनिक मामलों और मौतों का आंकड़ा कम नहीं हो रहा है। विश्व भर में बीते 24 घंटे के दौरान 12 हजार से अधिक मरीजों की मौत हो गई। इस दौरान साढ़े पांच लाख से ज्यादा नए संक्रमित पाए गए। जॉन्स हॉपकिन्स के डाटा के अनुसार, गुरुवार सुबह कोरोना पीडि़तों का वैश्विक आंकड़ा 16 करोड़ 81 लाख 80 हजार से अधिक हो गया। जबकि मरने वालों की संख्या 34 लाख 94 हजार से ज्यादा हो गई है।
ब्राजील में दो हजार से ज्यादा मौतें
वहीं ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में बीते 24 घंटे में करीब 80 हजार नए मामले पाए गए और दो हजार से अधिक की मौत हो गई। ब्राजील में अब तक एक करोड़ 62 लाख 75 हजार से अधिक मामले पाए गए हैं और चार लाख 54 हजार से ज्यादा मौत हुई है।
एक नजर इन देशों पर
बांग्लादेश : देश में कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। लगातार नए मामले बढ़ने पर शिक्षण संस्थानों को 12 जून तक के लिए बंद कर दिया गया है।
ऑस्ट्रेलिया : देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मेलबर्न में चौथी बार लाकडाउन लगाया गया है। नए वैरिएंट के फैलने पर यह कदम उठाया गया है।
अफ्रीका महाद्वीप में 29 हजार से ज्यादा मौतें
अफ्रीका में कोरोना संक्रमित लोगों का आंकड़ा 47 लाख 77 हजार से अधिक हो गया जबकि इस महाद्वीप में अब तक एक लाख 29 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। यह जानकारी 55 सदस्यीय अफ्रीकी यूनियन की स्वास्थ्य एजेंसी ने दी है।