पाकिस्तान में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईसाई लड़की को बंदूक की नोक पर किया अगवा
पाकिस्तान के लाहौर शहर में एक ईसाई लड़की को स्थानीय मुस्लिम युवकों ने बंदूक की नोक पर अगवा कर लिया है। यह घटना उस वक्त हुई जब वह फैक्ट्री के वाहन का इंतजार कर रही थी।
लाहौर, एएनआइ। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत (Pakistan Punjab Province) में लाहौर शहर के युहानाबाद इलाके (Youhanabad) में सोमवार को एक ईसाई लड़की को स्थानीय मुस्लिम लोगों ने बंदूक की नोक पर अगवा कर लिया। सूत्रों ने बताया कि दो से तीन लोगों ने लड़की का उस वक्त अपहरण कर लिया जब वह इलाके में एक फैक्ट्री के वाहन का इंतजार कर रही थी। आरोपियों ने लड़की के सहयोगियों को भी धमकी दी। राजनीतिक एवं सुरक्षा विश्लेषक तनवीर एरियन (Tanveer Arian) ने ट्वीट किया कि लाहौर के युहानाबाद से बंदूक की नोक पर एक ईसाई लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया है।
लड़की की मां का आरोप है कि दो से तीन लोगों ने उसकी बेटी का अपहरण कर लिया। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि पाकिस्तान में ईसाई समुदाय के लोग अक्सर ऐसे अपराधों के शिकार होते हैं। पाकिस्तान में खास तौर पर पंजाब प्रांत में अल्पसंख्यक निशाने बन रहे हैं। पीड़ित परिवार के सदस्य शफीक ने कहा कि हमारी बहन बेटियों के साथ ऐसा क्यों होता है? जब भी वे काम से बाहर जाती हैं मुस्लिम पुरुष जबरन उनका अपहरण कर लेते हैं और उनके साथ अनुचित व्यवहार करते हैं। उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह 7.30 बजे उस वक्त हुई जब वह पिकअप पॉइंट पर अपने कारखाने के वाहन का इंतजार कर रही थी।
शफीक ने यह भी बताया कि इस घटना को दो से तीन मुस्लिम युवकों ने अंजाम दिया। उन लोगों ने मौके पर मौजूद दूसरी लड़कियों को धमकियां भी दी। हम प्रधानमंत्री इमरान खान और अन्य दूसरे नेताओं से गुजारिश करते हैं कि हमें न्याय दिया जाए। जब हम पुलिस स्टेशन शिकायत दर्ज कराने पहुंचे तो हमें यह भरोसा देते हुए वापस भेज दिया गया कि दो से तीन दिनों में मामले को सुलझा लिया जाएगा। पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों खास तौर पर हिंदू और ईसाई समुदाय के लोगों के साथ ऐसी घटनाएं अक्सर हो रही हैं। मुस्लिमों द्वारा हिंदू और ईसाई समुदाय की लड़कियों को अगवा कर लिया जाता है और जबरन धर्म परिवर्तन करके उनसे निकाह कर लिया जाता है।