पाकिस्तान में बाढ़ से बिगड़े हालात, सब्जियों की आसमान छूती कीमतों को देख भारत से व्यापार शुरू करने की उठ रही मांग
Vegetable Prices Hike in Pakistan पाकिस्तान में विनाशकारी बाढ़ से हालात बेहद खराब हैं। पाकिस्तान में बाढ़ ने देश भर में हजारों एकड़ फसलों को नष्ट कर दिया है। नतीजतन सब्जियों और फलों की कीमतें आसमान छू रही हैं।
लाहौर, एजेंसी। पाकिस्तान में विनाशकारी बाढ़ से हालात बेहद खराब हैं। पाकिस्तान में बाढ़ ने देश भर में हजारों एकड़ फसलों को नष्ट कर दिया है। नतीजतन सब्जियों और फलों की कीमतें आसमान छू रही हैं। यही कारण है कि पाकिस्तान में भारत के साथ व्यापार मार्ग खोलने की मांग जोर पकड़ रही है। चूंकि शहबाज शरीफ की सरकार ने अभी तक भारत से सब्जियों और फलों के आयात पर निर्णय नहीं लिया है, इसलिए पाकिस्तान के व्यापार संगठन भारत से प्याज और टमाटर जैसी जरूरी सब्जियों को आयात करने बात कर रहे हैं।
भारत से खाद्य वस्तुओं के आयात का विचार सबसे पहले वित्त मंत्री मिफ्ता इस्माइल ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए रखा था। हालांकि, इस्माइल ने बुधवार को कहा कि पाकिस्तान की सरकार भारत से खाद्य पदार्थों के आयात पर गठबंधन के अन्य सहयोगियों एवं प्रमुख हितधारकों से रायशुमारी करेगी। फैसलाबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष आतिफ मुनीर ने गुरुवार को सरकार से सब्जियों की आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखने के लिए तेजी से कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में आई बाढ़ पर चिंता जताने और संवेदना व्यक्त करने पर पाक के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को अपने भारतीय समकक्ष नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। बाढ़ ने पूरे पाकिस्तान में व्यापक तबाही मचाई है। हजारों लोग मारे गए हैं। शरीफ ने ट्वीट किया 'मैं बाढ़ के कारण हुए मानवीय और भौतिक नुकसान पर शोक व्यक्त करने के लिए भारतीय पीएम नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देता हूं। पाकिस्तान के लोग अल्लाह की कृपा से इस प्राकृतिक आपदा के प्रतिकूल प्रभावों को दूर करेंगे।'
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को ट्वीट किया था- ' पाकिस्तान में बाढ़ से हुई तबाही को देखकर दुख हुआ। हम पीडि़तों, घायलों और इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और सामान्य स्थिति की जल्द बहाली की उम्मीद करते हैं।'
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में आई भीषण बाढ़ से उत्पन्न सिंधु नदी में उफान के कारण 100 किमी चौड़ी झील बन गई है। NASA की ओर से जारी सेटेलाइट तस्वीरों में बाढ़ की भयावहता साफ देखी जा सकती है। बाढ़ से पाकिस्तान के 116 जिलों में 3 करोड़ 30 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से अब तक हजारों लोगों की मौत हो चुकी है। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि विनाशकारी बाढ़ के चलते 30 लाख से ज्यादा बच्चों पर खतरा मंडरा रहा है।