'आखिर कितनी बदले की भावना रखेंगे', इमरान खान को जेल में रखने पर बिलावल भुट्टो ने शहबाज सरकार को घेरा
कराची प्रेस क्लब में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में बिलावल ने कहा कि इमरान खान उन्हें पसंद हों या नहीं, ...और पढ़ें

इमरान खान को जेल में रखने पर बिलावल भुट्टो ने अपनी ही सरकार को घेरा (फोटो- रॉयटर)
HighLights
इमरान खान 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे थे
अगस्त 2023 में भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तारी के बाद से वह जेल में बंद हैं
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को राजनीतिक कैदी बताते हुए देश में राजनीतिक प्रतिशोध समाप्त करने की मांग की है। उनके इस बयान से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार के साथ पीपीपी के संबंधों में तनाव बढ़ने के संकेत मिले हैं।
कराची प्रेस क्लब में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में बिलावल ने कहा कि इमरान खान उन्हें पसंद हों या नहीं, लेकिन पाकिस्तान उनके बिना नहीं चल सकता। सरकार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) का विश्वास जीतना होगा और राजनीतिक वास्तविकता स्वीकार करनी होगी।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जेल जाने वाले पाकिस्तान के हर पूर्व प्रधानमंत्री को चोर कहा जा सकता है या वे राजनीतिक बदले का शिकार हुए हैं?
उन्होंने कहा, आखिर कितनी बदले की भावना रखेंगे? इमरान खान 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे थे। अगस्त 2023 में भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तारी के बाद से वह जेल में बंद हैं।
बिलावल का यह बयान इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि उनकी पार्टी पीपीपी ने 2024 में पीएमएल-एन के साथ गठबंधन कर शहबाज शरीफ की सरकार बनाने में मदद की थी।