पाकिस्तान के बलूचिस्तान में कोयला खदान के 11 मजदूरों का अपहरण कर हत्या, वाहनों पर हमला कर किया था अगवा
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हमलावरों ने 11 कोयला खदान श्रमिकों का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू किया है।

बलूचिस्तान में 11 कोयला मजदूरों की हत्या (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
बलूचिस्तान में 11 कोयला खदान श्रमिकों का अपहरण कर हत्या।
हमलावरों ने श्रमिकों को हौसरी पहाड़ों में ले जाकर मारा।
पुलिस ने हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू किया है।
डिजिटल डेस्क, कराची। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हमलावरों ने रविवार को कोयला खदान के 11 श्रमिकों का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है।पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने कोहलू जिले के चामालांग इलाके में कोयला खदान के श्रमिकों को ले जा रहे दो वाहनों पर घात लगाकर हमला किया और सभी श्रमिकों को अगवा कर पास के हौसरी पहाड़ों में ले गए।
बाद में उसी इलाके से श्रमिकों के शव बरामद किए गए। फिलहाल किसी भी संगठन या व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
अफगानिस्तान की सीमा से सटे बलूचिस्तान प्रांत में पिछले कुछ वर्षों से अपहरण और हिंसक हमलों की घटनाओं में वृद्धि हुई है। यहां आम नागरिकों के साथ सुरक्षा बलों को भी निशाना बनाया जाता रहा है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)