विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'30 आम नागरिक मारे गए', बलूच एक्टिविस्ट ने पाकिस्तान पर लगाए गंभीर आरोप; अमेरिका से दखल देने की अपील

Published: Sat, 15 Aug 2026 04:28 PM (GMT+05:30)

बलूच नेता मीर यार बलूच ने पाकिस्तानी सेना पर बलूचिस्तान में एयरस्ट्राइक कर 30 नागरिकों को मारने का आरोप लगाया है, जिसमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

बलूच नेता मीर यार बलूच का पाकिस्तान पर गंभीर आरोप (सोशल मीडिया)

बलूच नेता मीर यार बलूच का पाकिस्तान पर गंभीर आरोप (सोशल मीडिया)

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हुए एक सैन्य हमले को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बलूच नेता मीर यार बलूच ने पाकिस्तानी सेना पर बलूचिस्तान में एयरस्ट्राइक करने का गंभीर आरोप लगाया है।

उनका दावा है कि इस हमले में महिलाओं, बच्चों और नवजात शिशुओं समेत 30 नागरिकों की मौत हो गई है। मीर यार बलूच का कहना है कि 12 अगस्त को सुराब के 'गिदार गोंधान' इलाके में पाकिस्तानी सेना ने हवाई हमला किया था।

पाकिस्तानी हमले का वीडियो सबूत होने का दावा

मीर यार का दावा किया है कि इस हमले के वीडियो फुटेज और मिसाइल के टुकड़े इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि यह एक सैन्य हमला था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता (DG ISPR) ने इस घटना को जमीनी बम धमाका (IED ब्लास्ट) बताकर दुनिया को गुमराह किया है। बलूच नेता ने इस मामले को अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) में ले जाने का एलान किया है।

पाकिस्तानी सेना का पक्ष

दूसरी ओर, पाकिस्तानी सेना (ISPR) ने एयरस्ट्राइक के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। सेना का कहना है कि यह हमला नहीं, बल्कि आतंकवादियों द्वारा गाड़ी में तैयार किए जा रहे आईईडी (विस्फोटक) का समय से पहले हुआ धमाका था।

सेना के मुताबिक, पहले हुए धमाके में 8 आतंकवादी मारे गए और वहां रखे अन्य विस्फोटकों में दोबारा हुए धमाके (सेकंड्री ब्लास्ट) की वजह से 3 आसपास के नागरिकों की जान गई। इसके बाद हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 10 और उग्रवादियों को मार गिराया, जिसमें उनके 2 जवान भी घायल हुए।

अमेरिका से सख्त प्रतिबंधों की मांग

गौरतलब है कि इस घटना के बाद बलूच नेतृत्व ने अमेरिका से दखल देने की गुहार लगाई है। मीर यार बलूच ने अमेरिकी प्रशासन से अपील की है कि वह पाकिस्तान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए।

उन्होंने मांग की है कि पाकिस्तान को F-16 लड़ाकू विमानों के इंजन के स्पेयर पार्ट्स, जेट्स के अपग्रेडेशन पैकेज और मिसाइल प्रोग्राम की सप्लाई तुरंत रोकी जाए, क्योंकि इन हथियारों का इस्तेमाल बलूचिस्तान के लोगों के खिलाफ किया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।