लिफ्ट का झांसा, फ्लैट में दरिंदगी; लाहौर में अजरबैजान की युवती से गैंगरेप
पाकिस्तान के लाहौर में 20 वर्षीय अजरबैजानी युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उसे नशीला पदार्थ देकर तीन पुरुषों ने वारदात को अंजाम दिया।

HighLights
लाहौर में 20 वर्षीय अजरबैजानी युवती से सामूहिक दुष्कर्म हुआ।
आरोपियों ने युवती को नशीला पदार्थ देकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने तीन पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के लाहौर में रविवार को अजरबैजान की 20 वर्षीय युवती के साथ तीन पुरुषों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता को डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी इलाके के एक फ्लैट में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता बिजनेस के सिलसिले में बाकू से पाकिस्तान आई थी। पिछले दो हफ्तों से अधिक समय से लाहौर के रायविंड इलाके में रह रही थी। 25 सितंबर की रात दो महिलाएं एक कैफे लेकर गई थीं। रात करीब 11 बजे वहां तीन पुरुष भी पहुंच गए, जिन्होंने बाद में पीड़िता को गाड़ी से छोड़ने की पेशकश की।
नशीला पदार्थ देकर वारदात को दिया अंजाम
घर छोड़ने के बजाय आरोपी युवती को एक फ्लैट में ले गए। पुलिस के अनुसार, वहां पीड़िता को कोई नशीला पदार्थ दिया गया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता का आईफोन छीन लिया और उसे लाहौर के गाजी इंटरचेंज के पास लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस अधिकारी अंजुम बशीर ने बताया कि तीन पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापे मारे जा रहे हैं। वे देश छोड़कर न भाग सकें, इसके लिए उनके नाम स्टॉप लिस्ट में डाल दिए गए हैं।
साथी महिलाओं की भूमिका की जांच जारी
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी को मुख्य आरोपी के एक रिश्तेदार के घर से बरामद कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
पाकिस्तान दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा, जांच अधिकारी उन दो महिलाओं की भूमिका की भी जांच कर रहे हैं जो पीड़िता को कैफे लेकर गई थीं।
यह भी पढ़ें- 'पाकिस्तान में सेना चलाती है सरकार', UN में भारत ने पाक को जमकर लताड़ा
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में बंदूकधारियों ने मचाया कोहराम, आत्मघाती बम धमाके में पीड़ितों को बचाने जा रही एंबुलेंस पर गोलीबारी
