आसिम मुनीर का दांव पड़ा उल्टा, पाकिस्तान को बांटने के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों लोग
पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर की प्रांतीय नक्शे बदलने की योजना पर सिंध में भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। कराची में हजारों सिंधी लोगों ने सिंध के बंटवारे का विरोध किया।

पाकिस्तान में प्रांतीय बंटवारे के खिलाफ सिंध में सड़कों पर उतरे लोग (फोटो-सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सेना प्रमुख, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर, पाकिस्तान के चार मुख्य प्रांतों—पंजाब, सिंध, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान—का नक्शा बदलने की योजना पर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है।
इस योजना के विरोध में कराची की सड़कों पर हजारों सिंधी लोग उतरे और उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सिंध का बंटवारा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कराची में उमड़ा जनसैलाब
इस हफ्ते कराची में हुए विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक अजरक स्कार्फ और टोपियां पहनकर शामिल हुए। पाकिस्तान टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, इस रैली को जी सिंध रहबर कमेटी ने आयोजित किया था। प्रदर्शन में राष्ट्रवादी नेताओं, राजनीतिक कार्यकर्ताओं , वकीलों और आम लोगों ने हिस्सा लिया।
रैली में बोलने वाले वक्ताओं ने सिंध की मौजूदा सीमाओं में किसी भी तरह के फेरबदल का विरोध किया। उनका कहना है कि सिंध की जमीन और उसकी पहचान से कोई समझौता नहीं हो सकता। प्रांत की सीमाओं या प्रशासनिक ढांचे को लेकर कोई भी फैसला वहां की जनता की मर्जी के बिना नहीं लिया जाना चाहिए।
सिंध की पहचान से समझौता नहीं
विरोध करने वालो लोगों ने यह भी कहा कि सिंध की पहचान उसके पुराने इतिहास, संस्कृति और सभ्यता से जुड़ी है, इसलिए इसे सिर्फ प्रशासनिक सुविधा के हिसाब से नहीं देखा जा सकता। रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने नए प्रांत या प्रशासनिक इकाइयां बनाने के लिए जनमत संग्रह कराने के विचार को भी खारिज कर दिया।
विरोध कर रहे लोगों ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली संघीय सरकार और संबंधित संस्थाओं से कहा कि वे ऐसा कोई कदम न उठाएं जिससे राजनीतिक तनाव बढ़े या प्रांत के अंदर फूट पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जनता की सहमति के बिना कोई फैसला थोपा गया, तो पूरे प्रांत में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे और संवैधानिक, कानूनी व लोकतांत्रिक तरीकों से इसका मुकाबला होगा।
क्या है प्रस्तावित योजना?
बताया जा रहा है कि इस योजना के तहत देश के मौजूदा चार प्रांतों को तोड़कर करीब एक दर्जन या उससे ज्यादा प्रशासनिक इकाइयों में बांटने की तैयारी है। इस विचार को पाकिस्तानी सेना प्रमुख से जोड़ा जा रहा है, जिनके पास राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के रहते हुए भी सबसे ज्यादा ताकत मानी जाती है। हालांकि, अभी तक इस योजना का कोई आधिकारिक खाका सार्वजनिक नहीं किया गया है।
समर्थकों की ओर से इसे शासन सुधारने, प्रशासन को ज्यादा प्रभावी बनाने और सरकार को लोगों के करीब लाने की कोशिश के तौर पर पेश किया जा रहा है। लेकिन जानकारों का मानना है कि यदि इसे लागू किया गया, तो इससे पाकिस्तान के संघीय ढांचे में बड़ा बदलाव आ सकता है।
द इकोनॉमिस्ट ने 8 अक्टूबर के अपने संपादकीय में लिखा था कि यह कदम राजनीतिक विपक्ष को कमजोर करने और सेना प्रमुख की पकड़ को और मजबूत करने का प्रयास हो सकता है।
बिलावल भुट्टो-जरदारी की सख्त चेतावनी
इस मुद्दे पर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी ने भी कड़ा रुख अपनाया है। जियो टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, 17 नवंबर को कराची प्रेस क्लब में एक कार्यक्रम के दौरान बिलावल ने चेतावनी दी कि यदि सिंध को जबरन बांटा गया, तो हालात बेहद गंभीर हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जबरदस्ती बंटवारा होने से समाज में दरार आएगी, दुश्मनी बढ़ेगी और आम लोग हथियार उठाने को मजबूर हो सकते हैं, जिससे हिंसा और खून-खराबा फैल सकता है। बिलावल ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी संविधान, कानून और लोगों की इच्छा के मुताबिक नए प्रांत बनाने के खिलाफ नहीं है, लेकिन दबाव या ताकत के जरिए किया गया बंटवारा उन्हें मंजूर नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि संविधान में पहले से तय प्रक्रिया के बजाय जनमत संग्रह की बात करना किसी असंवैधानिक रास्ते की तलाश जैसा है, क्योंकि पाकिस्तान में पहले भी जनमत संग्रह का इस्तेमाल अलोकतांत्रिक मकसदों के लिए किया जा चुका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।