विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुनिया के 500 प्रभावशाली मुसलमानों की लिस्ट में मुनीर और शहबाज किस नंबर पर, टॉप 50 में यह भारतीय शामिल

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:48 PM (IST)

जॉर्डन के थिंक टैंक RISSC ने 2027 के लिए दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की सूची जारी की है। ...और पढ़ें

दुनिया के 500 प्रभावशाली मुसलमानों की लिस्ट जारी ( आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ फाइल फोटो)

दुनिया के 500 प्रभावशाली मुसलमानों की लिस्ट जारी ( आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ फाइल फोटो)

HighLights

  1. पाकिस्तान के आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ शीर्ष पर।

  2. मौलाना महमूद मदनी 18वें स्थान पर, एकमात्र भारतीय।

  3. मक्का संयुक्त रक्षा समझौते ने शीर्ष स्थान दिलाने में मदद की।

डिजिटल डेस्क, अम्मान। जॉर्डन के थिंक टैंक 'रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर' (RISSC) ने 2027 के लिए दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और पीएम शहबाज शरीफ को सऊदी किंग सलमान, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्किये के राष्ट्रपति एर्दोआन के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रखा गया है।

इस सूची के शीर्ष 50 में भारत के महमूद मदनी भी शामिल हैं। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी को 18वां स्थान मिला है। शाहरुख खान और असदुद्दीन ओवैसी समेत कई भारतीयों को बिना रैंकिंग वाली सूची में जगह मिली है।

क्यों मिली पहली रैंक?

जॉर्डन स्थित रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर का यह 18वां संस्करण है, जिसमें पहली बार कई नेताओं को संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रखा गया है। यह सम्मान उन्हें अगस्त में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के बीच हुए 'मक्का संयुक्त रक्षा समझौते' में उनकी अहम भूमिका के लिए दिया गया है।

इससे पहले मुनीर और शहबाज शरीफ को उन 450 लोगों की लिस्टमें रखा गया था, जिनकी कोई विशेष रैंकिंग नहीं थी। इसलिए उनका इस तरह शीर्ष स्थान पर पहुंचना काफी महत्वपूर्ण है।

500 की लिस्ट वाली सूची में किन-किन भारतीय मुस्लिमों के नाम?

RISSC द्वारा जारी इस रिपोर्ट में दुनिया भर के 500 प्रभावशाली मुसलमानों की सूची दी गई है। इनमें से केवल शीर्ष 50 लोगों को अलग-अलग रैंक दी गई है, जबकि बाकी 450 लोगों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है।

इस लिस्ट की शीर्ष 50 लोगों में शामिल एकमात्र भारतीय मौलाना महमूद मदनी हैं। इसके अलावा 50 से ऊपर वाली लिस्ट में अन्य भारतीय भी शामिल हैं। इनमें AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक (जो फिलहाल मलेशिया में निर्वासित जीवन जी रहे हैं), अजीम प्रेमजी और दाऊदी बोहरा समुदाय के नेता सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन शामिल हैं।

यही नहीं बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान और शबाना आजमी, साथ ही संगीतकार ए.आर. रहमान का भी नाम टॉप 500 की इस बिना रैंकिंग वाली लिस्ट में शामिल ।

कौन हैं मौलाना महमूद मदनी?

मौलाना महमूद मदनी भारत के प्रमुख सामाजिक-धार्मिक संगठन 'जमीयत उलेमा-ए-हिंद' (JUH) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जिसकी स्थापना 1919 में हुई थी और जो 'साझा राष्ट्रवाद' का समर्थक रहा है।
1992 में दारुल उलूम देवबंद से शिक्षा पूरी करने के बाद वे संगठन में सक्रिय हुए। वे अपने दादा हुसैन अहमद मदनी और पिता असद मदनी की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं, अध्यक्ष बनने से पहले वे 2001 से 2021 तक संगठन के महासचिव भी रहे।

मदनी अल्पसंख्यक अधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता, आतंकवाद के झूठे आरोपों में फंसे लोगों की कानूनी पैरवी और वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा के लिए मुखर रूप से काम करने के लिए जाने जाते हैं।

आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ शीर्ष पर क्यों?

2027 की रैंकिंग में पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को सऊदी किंग सलमान, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्किये के राष्ट्रपति एर्दोआन के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रखा गया है।

इस ऐतिहासिक छलांग का मुख्य कारण 'मक्का संयुक्त रक्षा समझौता' है। इस समझौते ने सऊदी अरब की संपत्ति, तुर्किये की तकनीक और पाकिस्तान की सैन्य ताकत को मिलाकर 'एक सबके लिए, सब एक के लिए' वाला सुरक्षा गठबंधन बनाया है, जिसके तहत किसी एक देश पर हमला सभी पर हमला माना जाएगा।

मोजतबा खामेनेई को मिला दूसरा स्थान

वहीं ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर रखा गया है, जिनके बाद जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय और कतर के अमीर शेख तमीम का नंबर आता है। पाकिस्तान के मुफ्ती तकी उस्मानी सातवें स्थान पर हैं, जबकि यमन के हूथी नेता अब्दुल-मलिक अल-हूथी 17वें स्थान पर हैं। वहीं न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी भी शीर्ष 50 में शामिल हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।