विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'महिलाएं बुर्का पहनें, शादी के बाद नौकरी न करें', फ्लाईदुबई के ओमानी को-पायलट की सोशल मीडिया पोस्ट आई सामने

Published: Sat, 03 Oct 2026 10:24 AM (IST)

फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट स्मित मच्छर पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट हमम अल-हम्मामी के कट्टरपंथी विचार सामने आए हैं।

कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट का पोस्ट वायरल

कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट का पोस्ट वायरल

HighLights

  1. ओमानी को-पायलट ने भारतीय पायलट स्मित मच्छर पर हमला किया।

  2. डिलीट किए गए पोस्ट में महिलाओं के प्रति कट्टरपंथी सोच उजागर हुई।

  3. ओमानी पायलट का मानना- महिलाएं बुर्का पहनें।

डिजिटल डेस्क, मस्कट। फ्लाईदुबई की फ्लाइट में 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छर की बहादुरी की जहां हर तरफ तारीफ हो रही है। वहीं कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला करने वाले ओमान के को-पायलट हमम अल-हम्मामी को लेकर कई तरह के खुलासे हो रहे हैं।

ओमान के को-पायलट के डिलीट किए गए सोशल मीडिया पोस्ट के बारे में जानकारी सामने आई है। ओमानी पायलट के इन पोस्ट से पता चलता है कि धर्म और महिला-पुरुषों के साथ काम करने वाली जगहों के बारे में कैसी सोच रखता है।

महिलाओं पर पाबंदी की मानसिकता

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ओमानी को-पायलट अल-हम्मामी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उसने बताया था कि उसे एक ऐसी पत्नी खोजने में दिक्कत आ रही है, जो नकाब पहनने और शादी के बाद काम छोड़ने के लिए तैयार हो।

ओमानी पायलट ने एक और पोस्ट में महिला-पुरुषों के साथ काम करने वाली जगहों का विरोध किया था। उसने लिखा कि ऐसी जगहों पर धार्मिक महिलाएं बर्बाद हो सकती हैं।

अल-हम्मामी के ये पोस्ट 2021 और 2022 के उन 3,000 डिलीट किए गए पोस्ट का हिस्सा थे जिनका CNN ने AI-पावर्ड सिमेंटिक सर्च मॉडल का इस्तेमाल करके विश्लेषण किया।

'नकाब पहनने वाली बहू चाहिए'

फरवरी 2022 के डिलीट किए गए पोस्ट में ओमानी पायलट ने बताया था कि उसकी मां एक ऐसी बहू ढूंढ रही हैं जो उनकी शर्तें मान ले, जैसे कि नकाब पहनना और शादी के बाद काम छोड़ देना।

पोस्ट में दावा किया गया कि कई परिवारों ने उन शर्तों को ठुकरा दिया था, लेकिन जब उनकी मां ने उन्हें बताया कि उनका बेटा पायलट है, तो उन परिवारों ने अपना मन बदल लिया और शर्तें मानने के लिए राजी हो गए।

अल-हम्मामी के डिलीट किए गए ट्विटर अकाउंट से महिलाओं के प्रति उसकी गहरी धार्मिक और नफरत वाली सोच का पता चलता है।

भारतीय पायलट स्मित मच्छर पर किया हमला

ओमानी पायलट ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट स्मित मच्छर पर हमला किया था। ये फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इसमें 174 यात्री सवार थे। ओमानी पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला किया, लेकिन भारतीय पायलट ने बहादुरी दिखाते हुए प्लेन को क्रैश होने से रोका।

भारतीय पायलट स्मित मच्छर की इसी बहादुरी की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। इजरायल की एजेंसी इस घटना के हर एंगल की जांच कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- फ्लाईदुबई हमले के को-पायलट की हुई पहचान, कट्टरपंथी विचारों के कारण 'ओमान एयर' ने लगा रखा था प्रतिबंध