विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खाड़ी में F-16 फाइटर जेट पर हमले का दावा, ईरान ने जारी किया वीडियो; अमेरिका ने किया इनकार

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:23 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 21 Nov 2026 09:34 PM (GMT+05:30)

ईरान ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने खाड़ी क्षेत्र में एक अमेरिकी F-16 फाइटर जेट को निशाना बनाया, जिससे विमान को आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।

खाड़ी में अमेरिकी F-16 पर हमले का दावा (तस्वीर- X- @IRMilitaryMedia)

खाड़ी में अमेरिकी F-16 पर हमले का दावा (तस्वीर- X- @IRMilitaryMedia)

HighLights

  1. ईरान ने अमेरिकी F-16 जेट पर हमले का दावा किया।

  2. दावा है कि जेट को आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।

  3. अमेरिका ने ईरान के दावे को पूरी तरह झूठा बताया।

डिजिटल डेस्क, तेहरान। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान और अमेरिका के बीच एक नए सैन्य दावे को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। ईरान ने शनिवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने खाड़ी क्षेत्र के ऊपर उड़ रहे एक अमेरिकी F-16 फाइटर जेट को निशाना बनाया है, जिसके बाद विमान को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

हालांकि, अमेरिकी सेना ने ईरान के इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह झूठा बताया है। ईरान की सेना और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मुताबिक, शुक्रवार शाम को खाड़ी क्षेत्र में एक अमेरिकी लड़ाकू विमान पर मिसाइल दागी गई थी।

इमरजेंसी लैंडिंग का दावा

ईरानी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस हमले में F-16 फाइटर जेट क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कारण विमान को अपना मिशन बीच में ही छोड़कर पास के एक एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।

वीडियो जारी करने की बात

मामले में ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB ने एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें हवा में एक विमान पर हमला होते दिख रहा है। ईरान का दावा है कि यह विमान अमेरिका का ही है।

अमेरिका ने किया साफ इनकार

हालांकि इस मामले में नया मोड़ तब सामने आया, जब तेहरान के इन दावों को खारिज करते हुए यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट जारी कर स्थिति स्पष्ट की।

अमेरिकी सेना ने लिखा कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स का कहना है कि उसने कल एक अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाकर क्षतिग्रस्त किया, जिससे उसे इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। यह पूरी तरह झूठ है।

आगे सच बताने का दावा करते हुए सेंटकॉम ने कहा कि ईरान ने कल किसी भी अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान पर कोई हमला नहीं किया है। मध्य पूर्व में तैनात अमेरिकी सेना के सभी फाइटर जेट पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी पूरी गिनती मौजूद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।