बुर्किना फासो के बाजार में अज्ञात बंदूकधारियों का हमला, 35 लोगों की मौत
प्रशासन और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ बंदूकधारियों ने सप्ताहंत में एक मवेशी बाजार में गोलीबारी की जिसमें कई लोगों की जान चली गई है।
औगाडौगू, एपी। पूर्वी बुर्किनो फासो में हुई गोलीबारी में 35 लोगों की जान चली गई है। प्रशासन और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ बंदूकधारियों ने सप्ताहंत में एक मवेशी बाजार में गोलीबारी की जिसमें कई लोगों की जान चली गई है।
इसके अलावा सनमातेंगा में एक अन्य हमले में 10 लोगों की मृत्यु हो गई है। एक सरकारी बयान के मुताबिक देश के उत्तरी हिस्से में मानवीय सहायता देने जा रहे काफिले पर गोलीबारी की गई जिसमें पांच असैन्य नागरिकों और पांच सुरक्षा कर्मियों की मौत हो गई। वहीं अनेक लोग लापता भी हो गए हैं ये दोनों हमले शनिवार को हुए हैं।
बता दें कि इस्लामिक चरमपंथियों और उनसे लड़ रहे स्थानीय रक्षा समूहों एवं सेना से जुड़ी हिंसा बुर्किना फासो में बढ़ती जा रही है। पिछले साल यहां करीब 2000 लोगों की मृत्यु हो गई थी। इस सप्ताहंत में हुए हमले से पहले देश के उत्तरी हिस्से में एक अन्य हमला हुआ था जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी। प्रशासन ने बताया था कि चरमपंथियों ने शुक्रवार को व्यापारियों के एक काफिले पर हमला किया था जिसमें बच्चे भी शामिल थे।
मोरक्को आधारित थिंक टैंक, पॉलिसी सेंटर फॉर न्यू साउथ की वरिष्ठ फेलो और साहेल रिसर्चर रिदा ल्यामोरी ने कहा, "इन नए नरसंहारों के पीछे कौन है यह साफ नहीं हुआ है लेकिन नागरिक एक बार फिर हिंसक संघर्ष के बीच फंस गए हैं और मुख्य शिकार बने हुए हैं।"
अधिकारियों ने जानकारी दी है कि कोंपियेंगा प्रांत में शनिवार को मवेशी बाजार में हुए हमले को चरमपंथियों ने अंजाम दिया है। हालांकि, एक पीड़ित ने न्यूज एजेंसी एपी को बताया कि उसने हमलावरों की पहचान बुर्किनेब सेना के सदस्यों के तौर पर की है। उसने बताया कि लोग डरे हुए हैं और उन्होंने यहां से भागना शुरू कर दिया है।