सुरक्षा परिषद के चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक तरीके से वोट नहीं करेगा UN
पांच अस्थायी सुरक्षा परिषद की सीटों के लिए वोटिंग के इलेक्ट्रॉनिक तरीके को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने गुरुवार को सिरे से खारिज कर दिया।
संयुक्त राष्ट्र, एएफपी। पांच अस्थायी सुरक्षा परिषद की सीटों के लिए वोटिंग के इलेक्ट्रॉनिक तरीके को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने गुरुवार को सिरे से खारिज कर दिया। संयुक्त राष्ट्र के अध्यक्ष ने यह जानकारी दी कि कोरोना वायरस के कारण फैली महामारी के बावजूद वह स्वयं इसके लिए वोट करने जाएंगे। संयुक्त राष्ट्र इस साल अपनी 75वीं वर्षगांठ मना रहा है।
संयुक्त राष्ट्र के अध्यक्ष ने यह जानकारी दी कि कोरोना वायरस के कारण फैली महामारी के बावजूद वह स्वयं इसके लिए वोट करने जाएंगे। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष तिज्जानी मुहम्मद बांडे (Mohammad Bande) ने जून में सुरक्षा परिषद के पांच अस्थायी सदस्यों के लिए चुनाव कराने के विकल्पों पर इस माह के शुरुआत में चर्चा की। इसमें बताया गया कि यह 193 सदस्यीय महासभा सुरक्षा परिषद के पांच अस्थायी सदस्यों, आर्थिक एवं सामाजिक परिषद के सदस्यों, महासभा के 75वें सत्र के लिए अध्यक्ष और उपाध्यक्षों के चुनाव जून में कराने वाली है। भारत इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अस्थायी सीट के लिए उम्मीदवार है और 55 सदस्यीय एशिया-प्रशांत समूह द्वारा सर्वसम्मति से इसका समर्थन करने के कारण उसकी जीत लगभग निश्चित है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतेरस के प्रवक्ता स्टीफन दुजार्रिक ने बताया कि महासभा के प्रारूप को लेकर विचार किया जा रहा है कि इस वर्ष यह कैसा होगा। उन्होंने बताया कि सदस्य देश इस बारे में फैसला लेंगे। महासचिव और सचिवालय उनके फैसले को लागू करने में सदस्य देशों का समर्थन करेंगे।
संयुक्त राष्ट्र के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सालाना सत्र को आयोजित करने के लिए अनेक विकल्पों पर विचार चल रहा है क्योंकि कोविड-19 महामारी के कारण कामकाज सामान्य तरीके से नहीं हो सकता। इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र अपनी 75वीं वर्षगांठ मना रहा है और सितंबर में आयोजित होने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के वार्षिक सत्र में 193 सदस्य देशों के नेता, मंत्री और राजनयिक तथा दुनियाभर के मीडियाकर्मी और सिविल सोसायटी के हजारों सदस्य न्यूयॉर्क एवं संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में जुटेंगे।